मुंबई में भारी बारिश से थमी रफ्तार, 6 जुलाई तक रेड अलर्ट, भांडुप में धंसी सड़क, लेप्टो बीमारी का बढ़ा खतरा

Mumbai Heavy Rain: मुंबई में भारी बारिश के चलते 6 जुलाई तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। भांडुप में सड़क धंसने और मेट्रो-लोकल ट्रेनों में तकनीकी खराबी से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ।
Mumbai faces a rain red alert till July 6. Heavy downpour led to a road cave-in in Bhandup, metro delays, and disrupted local train services across the city.
मुंबई में भारी वर्षा के चलते प्रभावित होता जनजीवन (सोर्स सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Weather Update: मुंबई शहर व उपनगरों सहित पड़ोसी जिलों में शनिवार को भारी बारिश का कहर जारी रहा। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। महानगर की रफ्तार को बारिश ने रोक दिया। कई निचले इलाके जलमग्न हो गए और घरों व दुकानों में पानी घुस गया। सड़क, रेल और उड़ाने प्रभावित हुई। भारी बारिश का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। 6 जुलाई तक तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच शासन-प्रशासन व संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।

मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जनता से अपील की गई है कि यदि जरूरी न हो तो वे अपने घरों से बाहर न निकलें। एहतियात के तौर पर कुछ सड़कों पर ट्रैफिक कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। लोग घंटों ट्रैफिक जाम में परेशान रहे। कामकाजी लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी। मुंबई शहर और उपनगरों में छात्रों की सुरक्षा के लिए सभी प्राइवेट व सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में दोपहर के बाद छुट्टी दे दी गई। कम विजिबिलिटी के कारण कई विमानों को लैडिंग के लिए डायवर्ट करना पड़ा।

युद्धस्तर पर जुटे रहे कर्मी

मनपा के इमरजेंसी कंट्रोल रूम के जरिए लोगों से मिली शिकायतों को रिकॉर्ड किया जाता रहा और तुरंत कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाता रहा। स्टॉर्मवॉटर सिस्टम, सीवेज सिस्टम और पंपिंग स्टेशनों की एफिशिएंसी पर खास ध्यान दिया गया। बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम युद्ध स्तर पर उठाए जाते रहे।

बढ़ा लेप्टो का खतरा

मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए बीएमसी प्रशासन लेप्टोस्पायरोसिस बीमारी को लेकर सतर्क हो गया है। जलजमाव के दौरान बारिश के पानी से गुजरने वालों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। लेप्टोस्पायरोसिस की रोकथाम के लिए डॉक्सीसाइक्लिन 200 एमजी दवा लेने की सलाह दी गई है। ये टैबलेट मनपा की डिस्पेंसरी व क्लिनिक में उपलब्ध हैं।

मालगाड़ी में तकनीकी खराबी, कई ट्रेनें लेट

शनिवार सुबह करीब 11.50 बजे केल्वे रोड स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से पीछे से आ रही कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें लेट हो गई। रेलवे स्टाफ ने तुरंत ट्रेन को ठीक किया और दोपहर करीब 2 बजे - मालगाड़ी को रवाना किया गया।

मुंबई में कहां कितनी हुई बारिश

मुंबई मनपा के आपदा प्रबंधन से शाम आठ बजे तक मिली जानकारी के अनुसार मुंबई शहर में औसतन 133 मिमी, पूर्वी उपनगर में 180 मिमी और पश्चिमी उपनगर में 166 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगर के विक्रोली पश्चिम में सर्वाधिक 201.6 मिमी, पवई में 240 मिमी, पश्चिमी उपनगर के चिचोली में 181 मिमी, अंधेरी में 208 मिमी और मुंबई शहर के जी साउथ वार्ड में 120 मिमी बारिश दर्ज की गई।

10 हजार कर्मचारी तैनात

बीएमसी का पूरा सिस्टम युद्धस्तर पर काम कर रहा है। लगभग 10,000 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग इलाकों को तैनात किया गया है, वे लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं और आवश्यक कदम उठा रहे है।

मंत्री महाजन ने लिया स्थिति का जायजा

आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन शनिवार को बीएमसी मुख्यालय पहुंचे और आपातकालीन नियंत्रण कक्ष से हालात का जायजा लिया। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने भी पूरी स्थिति की समीक्षा की। मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े, अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर सहित वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

भांडुप वेस्ट में धंसी सड़क

भांडुप पश्चिम के एलबीएस रोड एशियन पेंट्स के सामने सड़क धंस गई। सड़क का 100× 100 फीट हिस्सा धंस गया। इस वजह से वहां पेड़ गिर गए। इस जगह खुदाई का काम चल रहा था। वहां एक गाड़ी सड़क के धंसे हुए हिस्से में गिर गई। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मंडपेश्वर स्टेशन पर बंद पड़ी मेट्रो

  • दहिसर-अंधेरी वेस्ट मेट्रो 2ए लाइन पर तकनीकी खराबी आने से मेट्रो सेवाओं पर असर पड़ा। मेट्रो ट्रेन मंडपेश्वर मेट्रो स्टेशन पर अचानक रुक गई।
  • महामुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने तकनीकी खराबी को ठीक करने का काम किया। हालांकि अंधेरी वेस्ट और डहाणूकर वाडी के बीच मेट्रो ट्रेनें चलती रही
  • सर्विस को बिना रुकावट जारी रखने के लिए कुछ बदलाव किए गए। काम पूरा होने तक डहाणूकर वाडी और दहिसर ईस्ट के बीच दोनों तरफ एक ही लेन पर मेट्रो सर्विस चलाई जाती रही।

भारी बारिश के कारण लोकल ट्रेनों और लंबी दूरी की ट्रेनों के आवागमन पर असर पड़ा। सबसे ज्यादा बारिश वसई, विरार और नालासोपारा इलाकों में हुई। इससे वेस्टर्न रेलवे का ट्रैफिक प्रभावित हुआ। कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर पानी जमा हो जाने के कारण एहतियातन ट्रेनों की स्पीड कम कर दी गई। सेंट्रल रेलवे ने भी विक्रोली स्टेशन के पास 'स्पीड लिमिट' लागू की। हवा में विजिबिलिटी कम होने के कारण, वेस्टर्न, सेंट्रल और हार्बर लाइन पर लोकल सेवाएं 20 से 30 मिनट की देरी से चलीं।

कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का भी शेड्यूल बिगड़ गया। वसई रोड स्टेशन इलाके में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने की वजह से ट्रेन नंबर 20931 को सेफ्टी कारणों से दोपहर 3.17 से 3.51 बजे तक कमान रोड स्टेशन पर रोका गया। ट्रेन नंबर 20919 की स्पीड कम कर दी गई, जिससे उसे वसई रोड सेक्शन पार करने में देर हो गई। इस वजह से इस रूट पर कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के शेड्यूल पर असर पड़ा।

Navbharat Live
navbharatlive.com