पुणे जिले में 121 ब्लैक स्पॉट चिह्नित, सड़क हादसे रोकने के लिए प्रशासन ने शुरू किया विशेष अभियान

Pune Solapur Highway Accident: पुणे प्रशासन ने सड़क हादसों को रोकने के लिए 121 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए हैं, जिनमें सर्वाधिक 46 पुणे-सोलापुर हाईवे पर हैं। 29 जून को इस पर सुरक्षा उपाय तय होंगे।
Pune administration has identified 121 accident prone 'black spots' on district highways, with 46 on the Pune-Solapur route. Safety measures will be decided on June 29.
पुणे-सोलापुर हाईवे (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

District Road Safety Committee Pune: पुणे जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने राजमार्गों पर 121 ब्लैक स्पॉट की पहचान की है। इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका अधिक होने के कारण अब विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि वैज्ञानिक अध्ययन और समयबद्ध कार्रवाई से दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

पुणे-सोलापुर हाईवे पर सबसे अधिक 46 ब्लैक स्पॉट

जिले में चिन्हित किए गए 121 ब्लैक स्पॉट में सबसे अधिक 46 ब्लैक स्पॉट पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाए गए हैं। इन स्थानों पर बार-बार गंभीर सड़क हादसे होने के कारण इन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुधारने की योजना बनाई गई है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने 'वायुवेग टीमों' को इन स्थानों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुझाने के निर्देश दिए हैं।

क्या होता है ब्लैक स्पॉट?

मंत्रालय के निर्धारित मानकों के अनुसार, यदि किसी सड़क के 500 मीटर के दायरे में लगातार तीन वर्षों के दौरान पांच गंभीर सड़क दुर्घटनाएं या दस लोगों की मौत होती है, तो उस स्थान को 'ब्लैक स्पॉट' घोषित किया जाता है। ऐसे स्थानों पर सड़क डिजाइन, संकेतक, रोशनी और यातायात प्रबंधन में सुधार करना आवश्यक माना जाता है।

आठ विभागों की संयुक्त टीमें करेंगी निरीक्षण

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), नगर निगम, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की आठ संयुक्त टीमें जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर रही हैं। इन टीमों को दुर्घटनाओं के कारणों का अध्ययन कर सुधारात्मक सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

29 जून की बैठक में तय होंगे सुरक्षा उपाय

पुणे जिलाधिकारी ने सभी टीमों को 25 जून तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इन रिपोर्टों पर 29 जून को आयोजित होने वाली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चर्चा की जाएगी। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने, सड़क संरचना में सुधार और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com