

विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने तीखा हमला बोला है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सूचियों को त्रुटिरहित बनाना है।
चुनावी हार से घबराकर विपक्षी दल सरकारी संस्थाओं और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
BJP Targets Congress Over Voter Verification: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दल जानबूझकर अफवाहें फैलाकर जनता में भ्रम पैदा कर रहे हैं। लगातार चुनावी हार का सामना कर रहे विपक्षी दल अब सरकारी मशीनरी पर जनता का विश्वास कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। यह आरोप भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र प्रभारी सांसद बैजयंत जय पांडा ने गुरुवार को लगाया।
पुणे में आयोजित पत्रकार वार्ता में पांडा ने कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया कोई नई नहीं है। आजादी के बाद अब तक 12 बार इस तरह की प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है। करीब 20 वर्ष पहले भी मतदाता सूचियों की इसी तरह जांच की गई थी। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस प्रक्रिया को लेकर गलत जानकारी फैला रहे हैं।
बैजयंत जय पांडा ने दावा किया कि देश की 140 करोड़ से अधिक आबादी के बीच मतदाता सत्यापन प्रक्रिया में 6 करोड़ 3 लाख नागरिकों के दूसरे स्थानों पर चले जाने, 2 करोड़ 18 लाख लोगों की मृत्यु होने और एक करोड़ फर्जी नाम सामने आए हैं। इसके अलावा तीन करोड़ लोगों का बार-बार प्रयास करने के बावजूद सत्यापन पूरा नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सत्यापन के लिए स्वयं आगे आने का अवसर दिया जा रहा है। हालांकि, अवैध रूप से देश में दाखिल हुए लोगों को अपनी पहचान साबित करने में परेशानी होती है। ऐसे लोग अपनी वास्तविकता उजागर होने और वापस भेजे जाने के डर से सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होने से बचते हैं।
पांडा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 से 2025 के बीच पार्टी को 52 विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। जनता का विश्वास हासिल करने में नाकाम रहने के बाद कांग्रेस चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) से संपर्क नहीं करना, ऑनलाइन पंजीकरण से बचना और सत्यापन प्रक्रिया को लेकर गलतफहमियां फैलाना इसी रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय कामकाज में बाधा डालता है और सरकारी संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाता है। भारत की चुनाव प्रणाली मजबूत है और दुनिया के कई देश इसका अध्ययन करते हैं।
भाजपा तथ्यों के आधार पर विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देगी और जनता के सामने वास्तविक स्थिति रखेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, प्रदेश महासचिव राजेश पांडे, विधायक कौस्तुभ गावडे, वर्षा डहाळे, शहराध्यक्ष धीरज घाटे सहित राहुल कलाटे, सुशील मेंगडे, विश्वास ननावरे, पुष्कर तुळजापूरकर और योगेश बाचल उपस्थित थे।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट