

Baijayant Jay Panda BJP Maharashtra Incharge: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा जारी नई संगठनात्मक सूची में महाराष्ट्र जैसे राजनीतिक रूप से अहम राज्य की कमान वरिष्ठ नेता बैजयंत जय पांडा को सौंपी गई है। महाराष्ट्र के प्रभारी के रूप में उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल बैजयंत पांडा का राजनीतिक सफर काफी उथल-पुथल भरा रहा है? एक समय ऐसा भी था जब उन्हें अपनी पूर्व पार्टी बीजू जनता दल से पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। आइए जानते हैं महाराष्ट्र भाजपा के नए प्रभारी का पूरा राजनीतिक सफर।
बैजयंत जय पांडा का जन्म ओडिशा के कटक में हुआ था और उन्होंने अमेरिका की मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। उन्होंने वर्ष 2000 में बीजू जनता दल के सदस्य के रूप में राज्यसभा सांसद बनकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।
वह 2000 से 2009 तक दो बार राज्यसभा सांसद रहे। इसके बाद वर्ष 2009 और 2014 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने ओडिशा की केंद्रपाड़ा सीट से जीत हासिल कर बीजेडी के प्रमुख चेहरे के रूप में अपनी पहचान बनाई।
वर्ष 2018 में बीजेडी नेतृत्व के साथ बैजयंत पांडा के रिश्तों में खटास आ गई। जनवरी 2018 में BJD ने उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों तथा अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया था। इस विवाद के बाद मई 2018 में उन्होंने बीजेडी और अपनी लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
बीजेडी छोड़ने के कुछ महीनों बाद मार्च 2019 में बैजयंत पांडा औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होते ही उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद वर्ष 2024 के आम चुनाव में वह एक बार फिर केंद्रपाड़ा सीट से लोकसभा सांसद चुने गए।
राजनीति के अलावा बैजयंत पांडा सामाजिक मुद्दों और नीतिगत सुधारों में अपनी सक्रियता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने संसद में तंबाकू उत्पादों की प्लेन पैकेजिंग, जनप्रतिनिधियों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट और कुपोषण के खिलाफ सिटिजन्स अलायंस जैसे महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया। वह लुटियंस मैवरिक नामक पुस्तक के लेखक भी हैं।
अब भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उनके इसी समृद्ध विधायी व संगठनात्मक अनुभव पर भरोसा जताते हुए उन्हें महाराष्ट्र राज्य का नया प्रभारी नियुक्त किया है।