

Pune Auto Rickshaw Base Fare 30 Rupees Increased Rates: पुणेकरों के लिए ऑटो रिक्शा से सफर करना अब महंगा हो गया है। पुणे आरटीओ की ओर से निर्धारित नई किराया दरें 1 सितंबर 2026 से लागू कर दी गई हैं। नई दरों के तहत यात्रियों को अब पहले डेढ़ किलोमीटर के लिए 30 रुपये और इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए 20 रुपये चुकाने होंगे।
नई किराया दर के मुताबिक डेढ़ किलोमीटर तक यात्रा करने पर 30 रुपये देने होंगे। इसके बाद दूरी के हिसाब से किराया बढ़ेगा। उदाहरण के तौर पर 2 किलोमीटर के लिए 40 रुपये, 3 किलोमीटर के लिए 60 रुपये, 5 किलोमीटर के लिए 100 रुपये और 10 किलोमीटर की यात्रा के लिए 200 रुपये किराया देना होगा। इससे रोजाना ऑटो से आने-जाने वाले यात्रियों के परिवहन खर्च पर असर पड़ने की संभावना है।
पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में रात के समय ऑटो रिक्शा यात्रियों से अतिरिक्त किराया लिया जा सकेगा। आरटीओ के अनुसार रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक निर्धारित किराए से 25 प्रतिशत अतिरिक्त किराया लेने की अनुमति होगी।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ऑटो रिक्शा के किराए पर 40 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लिया जा सकेगा। रात में यात्रा करने वाले यात्रियों को इसलिए सामान्य किराए की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ेगा।
पुणे आरटीओ ने ऑटो रिक्शा चालकों को नए किराए के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक मीटर री-कैलिब्रेट कराने के लिए 28 फरवरी 2027 तक का समय दिया है। यानी इस अवधि के दौरान ऑटो के मीटर को नई किराया दरों के अनुसार अपडेट कराया जा सकेगा।
आरटीओ ने स्पष्ट किया है कि 1 मार्च 2027 से इलेक्ट्रॉनिक मीटर में प्रदर्शित किराए के अनुसार ही यात्रियों से शुल्क लेना अनिवार्य होगा। इससे ऑटो किराए में पारदर्शिता आने और यात्रियों से मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतों पर रोक लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। नई दरें लागू होने के बाद पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में ऑटो से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के मासिक परिवहन खर्च में भी बढ़ोतरी हो सकती है।