पुणे आरटीओ का बड़ा एक्शन, हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए 121 'ब्लैक स्पॉट' का होगा संयुक्त निरीक्षण

Road Safety Pune: पुणे जिले के राजमार्गों पर हादसों को रोकने के लिए आरटीओ का बड़ा कदम। 5 प्रमुख मार्गों के 121 'ब्लैक स्पॉट' की जांच कर टीमें 25 जून तक सौंपेंगी रिपोर्ट।
Pune RTO orders an immediate joint inspection of 121 identified accident-prone 'black spots' across 5 major highways to implement crucial road safety measures.
हाईवे निरीक्षण (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Pune Road Safety Inspection Report: पुणे जिले के राजमार्गों पर लगातार हो रहे जानलेवा सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। जिले के पांच प्रमुख मार्गों पर चिह्नित किए गए 121 'ब्लैक स्पॉट' (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) का तत्काल संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा।

जिलाधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति की हाल ही में हुई बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के अनुसार, उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। इस विशेष अभियान को समय पर पूरा करने के लिए संयुक्त सड़क सुरक्षा टीमें नियुक्त की गई हैं, जिन्हें 25 जून तक अपनी विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया गया है।

सभी विभागों के बीच समन्वय साधने की कोशिश

इस मुहिम के तहत आरटीओ, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, पीएमसी, पीसीएमसी और एमएसआयडीसी जैसी सभी संबंधित प्रशासनिक प्रणालियों के प्रतिनिधि एक साथ मिलकर जमीनी स्तर पर काम करेंगे। इन सभी टीमों को पुलिस उपाधीक्षक के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीधे संवेदनशील घटनास्थलों पर जाकर प्रत्यक्ष  निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। ये टीमें हादसों के असल तकनीकी और मानवीय कारणों का पता लगाकर वहां किए जाने वाले जरूरी अस्थायी और स्थायी ढांचागत सुधारों के उपाय सुझाएंगी।

निरीक्षण के लिए तय किए गए पांच प्रमुख मार्ग

  • पुणे-सोलापुर मार्गः 46 ब्लैक स्पॉट (सड़क सुरक्षा टीम संख्या 2 और 6)
  • पुणे-अहमदनगर मार्गः 33 ब्लैक स्पॉट (सड़क सुरक्षा टीम संख्या 1 और 8)
  • पुणे-बेंगलुरु मार्गः 13 ब्लैक स्पॉट (सड़क सुरक्षा टीम संख्या 3 और 7)
  • पुणे-पंढरपुर (जेजुरी रोड) मार्गः 7 ब्लैक स्पॉट (सड़क सुरक्षा टीम संख्या 4)
  • अन्य मार्गः 22 ब्लैक स्पॉट (सड़क सुरक्षा टीम संख्या 5)

पुणे अधिकारी स्वप्नील भोसले ने बाताया की पुणे के राजमागों पर बढ़ती दुर्घटनाएं केवल कानून से नहीं रुकेंगी। जिले में 121 ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर सड़क संरचना, संकेतक और यातायात कमियों का अध्ययन ही स्थायी समाधान की दिशा दिखाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com