Pune: आंबेगांव में तेंदुआ खतरा बढ़ा, 8 गांव हॉटस्पॉट घोषित; एक मादा अभी भी आज़ाद
Pune: मंचर वन परिक्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधि बढ़ने पर वन विभाग ने 30 गांवों में 51 पिंजरे तैनात किए। अवसरी खुर्द में एक और तेंदुआ पकड़ा गया, जबकि अष्टापुर में तेंदुए के हमले में एक महिला घायल हुई।
- Written By: अपूर्वा नायक
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स :सोशल मीडिया)
Pune News In Hindi: आंबेगांव तहसील के अंतर्गत आने वाले मंचर वन परिक्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने 30 गांवों में कुल 51 पिंजरे तैनात किए हैं। निरगुड़सर, गावडेवाड़ी, अवसरी बुद्रुक, अवसरी खुर्द, मंचर, वडगांव काशिंबेग, खडकी और पिंपलगांव ये आठ गांव प्रमुख हॉट स्पॉट बने हैं, जहां 25 पिंजरे लगाए गए हैं।
इस वन परिक्षेत्र में कुल 55 गांव आते हैं। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फैला गन्ना क्षेत्र, घोड़ानदी और मीना नदी का नजदीक होना, घने जंगल और पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध होने के कारण तेंदुओं की संख्या बढ़ी है, ऐसा वन विभाग का निरीक्षण है।
पहले पिंजरों की संख्या कम होने से कार्रवाई में कठिनाई आ रही थी, लेकिन सरकार से प्राप्त 36 नए पिंजरों के बाद अब कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से की जा रही है, ऐसा वनपरिक्षेत्र अधिकारी विकास भोसले ने बताया।
सम्बंधित ख़बरें
MPDA का फरार आरोपी अरबाज शेख मुंबई से गिरफ्तार, नासिक क्राइम ब्रांच की विक्रोली में बड़ी कार्रवाई
त्र्यंबकेश्वर मंदिर VIP दर्शन घोटाला: ट्रस्टी सहित चार जेल में, बैंक खातों से 600 से अधिक लेन-देन
मुख्यमंत्री ने किया ‘उन्नत नासिक अभियान’ लोगो का अनावरण, ‘भूप्रहरी’ निभाएंगे अहम भूमिका
ढोंगी अशोक खरात को जेल में जान का खतरा, अदालत में सरकारी वकील का सनसनीखेज दावा
कलंब परिमंडल में 8, वलती परिमंडल में 19, धामणी परिमंडल में 7 और मंचर परिमंडल में 17 पिंजरे तैनात किए गए हैं। आंबेगांव तहसील के अवसरी खुर्द गांव के वायलमला क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे में मंगलवार को एक और तेंदुआ पकड़ा गया।
मंचर वन परिक्षेत्र अधिकारी विकास भोसले ने इसकी जानकारी दी। पिछले 15 दिनों में अमोल वायल और गणेश वायल के घर के पास यह दूसरा तेंदुआ पकड़ा गया है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों में दहशत का माहौल है। चिंता की बात यह है कि अभी भी कुछ तेंदुए खुले घूम रहे हैं, और विशेष रूप से एक मादा तेंदुआ अभी तक पिंजरे में नहीं फंसी है। इस कारण नागरिकों में डर और बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें :- Pune की पे-एंड-पार्क नीति को कम रिस्पांस, तीन सड़कों पर केवल एक-एक बोली
तेंदुए के हमले में महिला घायल
- हवेली तहसील के अष्टापुर क्षेत्र में दशक्रिया विधि के लिए निकलने वाली अंजना वाल्मीकि कोतवाल (खोलशेत बस्ती) पर मंगलवार 9 दिसंबर तड़के करीब सवा पांच बजे घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला किया।
- तेंदुए के जोरदार पंजे सिर और पैर पर लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिरी। सहायता के लिए चिल्लाने पर तेंदुआ वहां से भाग गया।
- उन्हें तुरंत वाघोली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल फैल गया है।
- तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर उसका बंदोबस्त किया जाए, ऐसी मांग सरपंच पुष्या कोतवाल, उपसरपंच संजय कोतवाल समेत ग्रामीणों ने वन विभाग से की है। महावितरण ने इन क्षेत्रों के कृषि पंपों के लिए मंगलवार से दिन में 8 घंटे बिजली आपूर्ति शुरू कर दी है।
