अजित पवार प्लेन क्रैश में साजिश का शक! रोहित पवार ने PM मोदी को लिखा पत्र, उड्डयन मंत्री के इस्तीफे की मांग

Ajit Pawar Plane Crash: रोहित पवार ने अजित पवार के विमान हादसे को साजिश बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए नागरिक उड्डयन मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
Ajit Pawar plane crash Rohit Pawar writes to PM Modi demands resignation of Aviation Minister
रोहित पवार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rohit Pawar Wrote Letter To PM Narendra Modi: महाराष्ट्र की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने दिवंगत नेता अजित पवार की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए। रोहित पवार ने इस पूरे मामले को महज एक दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसमें गहरी साजिश होने की आशंका जताई है। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच होने तक केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के इस्तीफे की मांग की है।

रोहित पवार ने उड्डयन मंत्री पर लगाए आरोप

रोहित पवार का आरोप है कि इस मामले में साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक संबंधित मंत्री अपने पद पर बने रहेंगे, तब तक मामले की पारदर्शिता के साथ जांच संभव नहीं है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि विमान का वॉयस रिकॉर्डर (VCR) नष्ट किया जा सकता है या डेटा के साथ मैनिपुलेशन (हेरफेर) हो सकता है। रोहित पवार ने यह भी दावा किया कि इसमें टीडीपी (TDP) कोटे के नेता शामिल हैं और शक्तिशाली ताकतों द्वारा वीसीआर कंपनी को बचाने की कोशिश की जा रही है।

28 जनवरी को बारामती में हुआ था हादसा

बता दें कि 28 जनवरी 2026 को बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का निजी विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण हादसे में प्लेन में आग लग गई थी, जिसमें अजित पवार के साथ पायलट और क्रू मेंबर सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई थी। रोहित पवार का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी और अजित पवार के बीच करीबी संबंध थे, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि पीएम मोदी और अमित शाह ही इस मामले में सही न्याय दिला सकते हैं।

सियासी गलियारों में चर्चा तेज

अजित पवार के निधन के कुछ ही दिनों बाद, 31 जनवरी को उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाया गया था। अब रोहित पवार द्वारा इस हादसे को साजिश बताए जाने और सीधे केंद्र सरकार के मंत्री का इस्तीफा मांगे जाने से राज्य और केंद्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। रोहित पवार ने जोर देकर कहा है कि जब तक मंत्री पद नहीं छोड़ेंगे, तब तक यह पता नहीं चल पाएगा कि वास्तव में क्या मैनिपुलेशन हुआ है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रधानमंत्री कार्यालय इस पत्र पर क्या प्रतिक्रिया देता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com