

Pune Equitable Water Supply Project: पुणे मनपा के तहत आने वाले मोहम्मदवाड़ी, दोराबजी पैराडाइज, एनआईबीएम, कृष्णानगर, कोरिंथियन्स और जारांडे नगर जैसे इलाकों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है।
इन क्षेत्रों में लंबे समय से प्रतीक्षित 'इक्विटेबल वाटर सप्लाई' योजना को अब निर्णायक गति मिल गई है। करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो जाने के बावजूद तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से अटकी यह परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है।
विशेष रूप से दोराबजी पैराडाइज स्थित 3 मिलियन लीटर क्षमता वाले ईएसआर से 1।5 किलोमीटर की वितरण पाइपलाइन बिछाने का काम भी संपन्न हो चुका है। शेष बचे छोटे कार्यों को प्रशासन युद्धस्तर पर पूरा कर रहा है। पुणे महानगरपालिका की अतिरिक्त आयुक्त पवनीत कौर के अनुसार, प्रशासन ने 10 मई तक परियोजना के सभी प्रमुख लक्ष्यों को हासिल करने का समय निर्धारित किया है ताकि अगले एक महीने के भीतर चरणबद्ध तरीके से इन सभी क्षेत्रों में संतुलित और नियमित जलापूर्ति शुरू की जा सके।
मोहम्मदवाड़ी क्षेत्र की निवासी सुनीता पाटिल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उन्होंने इस भरोसे पर यहां घर खरीदा था कि उन्हें मनपा का पानी मिलेगा, लेकिन अब तक उन्हें पानी खरीदकर अपनी जरूरते पूरी करनी पड़ रही हैं।
पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होने के बाद अब उन्हें विश्वास है कि जल्द ही घर-घर पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा, जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानियों से मुक्ति मिलेगी, नागरिकों की सुविधा के लिए पुणे महानगरपालिका का लष्कर जलापूर्ति विभाग सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
मोहम्मदवाड़ी क्षेत्र में नई जल वितरण व्यवस्था शुरू करने से पहले, निवासियों को नए नल कनेक्शन की प्रक्रिया समझाने के लिए विशेष पहल की गई है। इसके लिए शनिवार, 9 मई को मौहम्मदवाड़ी स्थित ए। आर। वी। गगा ऑर्चिड सोसायटी में सुबह 10 चजे से दोपहर 1 बजे तक एक विशेष 'हेल्प डेस्क' का आयोजन किया गया है।
इस शिविर के जरिए नागरिकों को आवश्यक दस्तावेजों, आवेदन करने के सही तरीके और अन्य कानूनी औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस दौरान उप अभियंता नीलकट शीलवत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की शंकाओं का समाधान करेंगे, ताकि भविष्य में नियमित जल सेवा शुरू होने में कोई बाधा न आए।