

Palghar Daughter in law Died: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विरार पश्चिम स्थित बोलिंज पुलिस थाना क्षेत्र के नारंगी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान ससुर द्वारा धक्का दिए जाने से 28 वर्षीय एक विवाहिता की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद दो परिवारों में मातम छा गया है। पुलिस ने आरोपी ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वारदात विरार पश्चिम के नारंगी गांव स्थित ‘भगत आली’ इलाके में घटी। मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्राची कल्पेश पाटिल के रूप में हुई है। घटना के बाद एक तरफ जहां पूरे परिवार में महिला की मौत का गहरा शोक है, वहीं दूसरी तरफ आरोपी ससुर के जेल जाने से सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, प्राची का भाई विशाल पाटिल अपनी बहन को मायके ले जाने के लिए उसके ससुराल पहुंचा था। उस समय प्राची की 8 महीने की मासूम बच्ची उसके ससुर गणपत सखाराम पाटिल (60) की गोद में थी। जब प्राची ने अपनी बच्ची को मायके ले जाने के लिए ससुर से लेने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर ससुर गणपत पाटिल ने अपनी बहू प्राची को ज़ोर से धक्का दे दिया। धक्का लगते ही प्राची संतुलन खो बैठी और सीधे पक्के फर्श पर जा गिरी।
फर्श पर जोर से गिरने के कारण प्राची के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गई और वह बेहोश हो गई। घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में उसे पास के नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राची की मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद मृतका के भाई विशाल पाटिल की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बोलिंज पुलिस ने आरोपी ससुर गणपत सखाराम पाटिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नए कानूनों के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 351(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल, इस पूरे मामले की गहन जांच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वे घटना से जुड़े सभी गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।