बच्चा चोरी की अफवाह में नालासोपारा में युवक को बांधकर कर दी पिटाई, पुलिस जांच में सामने आया हैरान करने वाला सच
Nallasopara Child Theft Rumor: पालघर के नालासोपारा में बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने एक युवक के हाथ बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस जांच में युवक मानसिक रूप से बीमार निकला। जानिए पूरा मामला।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आकाश मसने
नालासोपारा में बच्चा चोरी की अफवाह में युवक को बांधकर पिटाई करती भीड़ (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mob Beats Mentally Ill Man: सोशल मीडिया पर फैलती अफवाहें और भीड़ की अंधी मानसिकता किस कदर किसी बेकसूर की जिंदगी को खतरे में डाल सकती है, इसकी एक खौफनाक बानगी पालघर जिले के नालासोपारा में देखने को मिली। बच्चा चोरी के महज एक शक के आधार पर भीड़ ने एक बेकसूर युवक को पकड़कर उसके हाथ बांध दिए और उसकी जमकर पिटाई कर दी। हालांकि, जब मामला पुलिस तक पहुंचा, तो सच जानकर हर कोई सन्न रह गया। युवक कोई अपराधी या बच्चा चोर नहीं, बल्कि मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
बच्चा चोरी की अफवाह के जाल में फंसी उग्र भीड़
यह दर्दनाक घटना नालासोपारा पूर्व के नगीनदास पाड़ा इलाके की है। जानकारी के अनुसार, इलाके में अचानक यह अफवाह फैल गई कि एक अज्ञात युवक बच्चा चुराने की नीयत से घूम रहा है। बिना किसी ठोस सच्चाई को जाने, देखते ही देखते लोगों का गुस्सा भड़क उठा और भीड़ निरंकुश हो गई।
उग्र भीड़ ने युवक को घेर लिया, उसके हाथ रस्सी से बांधे और कानून को अपने हाथ में लेते हुए उस पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। इस अमानवीय कृत्य का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लाचार युवक दया की भीख मांगता दिख रहा है लेकिन भीड़ का दिल नहीं पसीजा।
सम्बंधित ख़बरें
Akola News: अकोला महानगरपालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था संकट में, फिर जारी हुई निविदा
बार-बार सड़कें खोदने की झंझट से मिलेगी मुक्ति: नागपुर मनपा बनाएगी 38 किमी लंबा अंडरग्राउंड यूटिलिटी कॉरिडोर
पुणे मनपा का अवैध निर्माणों पर बड़ा हथौड़ा: मोहम्मदवाड़ी में 200 वर्ग फुट पक्का अतिक्रमण ध्वस्त, अलर्ट जारी
पुणे में सौतेला बाप बना हैवान, 10 साल की मासूम का 2 तक किया यौन शोषण, मां ने दर्ज कराया मामला
पुलिस जांच में सामने आया हैरान करने वाला सच
बाद में युवक को तुलिंज पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि युवक का किसी भी बच्चा चोरी गिरोह से कोई संबंध नहीं है। जांच में वह मानसिक रूप से बीमार पाया गया। इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क किया और उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें:- मुंबईकरों को मिलेंगे 3 नए BMC अस्पताल, 1120 बेड बनकर तैयार! लेकिन निजीकरण पर छिड़ा सियासी संग्राम
पुलिस ने की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
इस मामले के बाद तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों या अधूरी जानकारी पर भरोसा न करें और कानून अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध दिखाई देता है तो उसकी खुद पिटाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि कानून के दायरे में उचित कार्रवाई की जा सके।
