Nalasopara: बिजली का तार गिरने से धू-धू कर जली मोटरसाइकिल; बाल-बाल बचा चालक, मुआवजे की मांग

Nalasopara Bike Fire: महाराष्ट्र में पालघर जिले के नालासोपारा में खड़ी बाइक पर महावितरण का बिजली का तार गिरने से आग लग गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो वायरल, मुआवजे की मांग।
Oswal Nagari Nalasopara Bike Fire
नालासोपारा में बिजली के तार के चपेट में आकर जलती हुई मोटरसाइकिल (प्रतीकात्मक तस्वीर, फोटो सोर्स-AI)
Updated on

Oswal Nagari Nalasopara Bike Fire: पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व स्थित ओसवाल नगरी इलाके में महावितरण (MSEDCL) की घोर लापरवाही का एक भयावह मामला सामने आया है। यहां बाबा एजेंसी सोसाइटी के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल पर महावितरण का हाई-वोल्टेज बिजली का तार अचानक टूटकर गिर गया।

तार गिरते ही तेज चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे मोटरसाइकिल के अगले हिस्से और टायर में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे के समय बाइक के पास कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आ गया है।

खड़ी बाइक पर गिरा तार, पलक झपकते ही भड़की आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित स्थानीय निवासी अभिषेक समदर्शी ने अपनी बजाज कंपनी की 'फ्रीडम' टू-व्हीलर को सोसाइटी के बाहर पार्क किया था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही महावितरण की बिजली लाइन का एक तार अचानक टूटकर सीधे बाइक पर आ गिरा।

जमीन और बाइक से तार के टकराते ही जोरदार धमाके के साथ चिंगारियां उठने लगीं और देखते ही देखते बाइक के अगले हिस्से ने आग पकड़ ली। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही पलों में आग की लपटों ने दोपहिया वाहन के अगले टायर और चेसिस को अपनी चपेट में ले लिया।

Oswal Nagari Nalasopara Bike Fire
नासिक में एक महीने में 45 से ज्यादा भूकंपीय झटके, जर्जर इमारतों का फिर होगा सर्वे

इलाके में फैली दहशत, बड़े हादसे से राहत

अचानक हुए इस हादसे और स्पार्किंग के कारण ओसवाल नगरी इलाके के नागरिकों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत बिजली विभाग को सूचित किया और आग पर काबू पाया।

सौभाग्य से, तार गिरते समय कोई भी राहगीर या बच्चा उस जगह से नहीं गुजर रहा था, वरना यह घटना किसी की जान ले सकती थी।

Oswal Nagari Nalasopara Bike Fire
त्र्यंबकेश्वर मंदिर में VIP दर्शन पर लगी रोक! अब आम श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिकता; जानें ट्रस्ट का नया नियम

लापरवाही के खिलाफ आक्रोश, मुआवजे की मांग

घटना के बाद स्थानीय निवासियों में महावितरण के खिलाफ भारी गुस्सा व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि इलाके में बिजली के तारों और खंभों के नियमित रखरखाव की भारी कमी है, जिसके कारण आए दिन ऐसे जर्जर तार टूटकर गिर रहे हैं।

पीड़ित बाइक मालिक अभिषेक ने महावितरण प्रशासन से अपने वाहन के नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है। नागरिकों ने मांग की है कि महावितरण तुरंत पूरे क्षेत्र में ओवरहेड तारों का निरीक्षण करे और जर्जर लाइनों की मरम्मत कराए ताकि भविष्य में किसी निर्दोष की जान न जाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com