Navneet Rana: ‘बाबरी बनाने वालों को भारत में कब्र की जगह नहीं मिलेगी’, हुमायूं कबीर को सीधी चेतावनी
Navneet Rana on Humayun Kabir: नवनीत राणा ने बागेश्वर धाम से हुमायूं कबीर को चेतावनी दी कि बाबरी मस्जिद बनाने वालों को भारत में कब्र के लिए जगह नहीं मिलेगी।
- Written By: अनिल सिंह
Navneet Rana And Humayun Kabir (फोटो क्रेडिट-X)
Navneet Rana on Babri Masjid Murshidabad: महाराष्ट्र भाजपा की फायरब्रांड नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा ने पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की प्रतिकृति बनाने के ऐलान पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में पहुंचीं राणा ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता हुमायूं कबीर को सीधी और तीखी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग भारत में बाबरी के नाम पर राजनीति करना चाहते हैं, उन्हें इस देश में अपनी कब्र के लिए दो गज जमीन भी नसीब नहीं होगी।
नवनीत राणा ने बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद लेने के बाद यह बयान दिया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर ने अयोध्या की विवादित बाबरी मस्जिद जैसी दिखने वाली एक नई मस्जिद के निर्माण का काम शुरू किया है, जिस पर अब पूरे देश में राजनीतिक घमासान मच गया है।
माला के साथ भाला भी रखती हूँ
नवनीत राणा ने खुद को ‘महाराष्ट्र की बेटी’ बताते हुए अपने तेवर साफ कर दिए। उन्होंने कहा, “हम शांति के पुजारी हैं और माला जपते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर हम भाला और तलवार उठाना भी जानते हैं।” उन्होंने हुमायूं कबीर को ललकारते हुए कहा कि वे जल्द ही बंगाल जाकर हिंदुओं की ताकत का एहसास कराएंगे। राणा ने इस बात पर जोर दिया कि भारत अब राममय हो चुका है और यहाँ फिर से ‘बाबरी’ की मानसिकता को पनपने नहीं दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- ‘विधायक ने ही हरवाया अपना उम्मीदवार’, अभिजीत पाटिल पर राकांपा में भितरघात का आरोप
हुमायूं कबीर का ‘बाबरी’ मास्टरप्लान
पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल पैदा करने वाले हुमायूं कबीर ने बेलडांगा के रेजीनगर में इस विवादित मस्जिद की नींव रखी है।
परियोजना का विवरण: यह मस्जिद 11 एकड़ जमीन पर बनाई जा रही है, जिसकी अनुमानित लागत 55 करोड़ रुपये है।
शिलान्यास: 11 फरवरी को इसका काम शुरू किया गया और ईंटें व अन्य सामग्री मौके पर पहुँच चुकी हैं।
राजनीतिक पार्टी: टीएमसी से निष्कासित होने के बाद कबीर ने ‘जनता उन्नयन पार्टी’ (JUP) बनाई है और यह कदम उसी राजनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
बीजेपी का आक्रामक रुख और राष्ट्रीय प्रतिक्रिया
बाबरी मस्जिद के इस निर्माण कार्य पर केवल नवनीत राणा ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी ममता बनर्जी सरकार को घेरा है। बीजेपी का आरोप है कि बंगाल सरकार की शह पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश की जा रही है। नवनीत राणा ने बागेश्वर धाम के मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि हिंदू अब जाग चुका है और अयोध्या के फैसले के बाद किसी भी नई ‘बाबरी’ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके इस बयान के बाद बंगाल से लेकर महाराष्ट्र तक सियासी पारा चढ़ गया है।
