

Nashik Dark Sky Destination: उत्तर महाराष्ट्र को विश्व स्तर पर एक्सपेरिमेंटल टूरिज्म (अनुभवजन्य पर्यटन) के मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से नासिक जिला प्रशासन द्वारा सुरगाणा तहसील के आदिवासी बहुल गांव उधमाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के डार्क स्काय डेस्टिनेशन यानी खगोल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पालकमंत्री गिरीश महाजन के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने उधमाल गांव का दौरा कर इस परियोजना के लिए जिला नियोजन निधि से 42.14 लाख की राशि स्वीकृत की है।
सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर आधारित इस परियोजना में 'स्वदेस फाउंडेशन' और 'एस्ट्रोनेरा' संस्थाएं तकनीकी व क्रियान्वयन भागीदार के रूप में कार्य कर रही हैं। परियोजना की प्रशासनिक देखरेख कलवण की उपविभागीय अधिकारी डॉ. कश्मीरा संख्ये द्वारा की जा रही है। उधमाल ग्रामसभा ने 'डार्क स्काई पॉलिसी' के तहत आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास का प्रस्ताव पारित कर दिया है।
स्थानीय समुदाय को केंद्र में रखकर विकसित की जा रही इस परियोजना से पर्यटन का सीधा आर्थिक लाभ आदिवासी परिवारों तक पहुंचेगा। गांव में होम-स्टे, स्थानीय व्यंजन, वारली व पारंपरिक लोककला, और व्यसनमुक्त सुरक्षित पर्यटन वातावरण तैयार किया जा रहा है। खगोल प्रेमियों के लिए 360-डिग्री आकाश अवलोकन की सुविधा वाला 'एस्ट्रो-स्लैब' बनाया जा रहा है। साथ ही, प्रकाश प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कम तीव्रता वाली विशेष स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। स्थानीय युवाओं को टेलीस्कोप संचालन, नक्षत्र पहचान और आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
आकाशगंगा (मिल्की वे) के स्पष्ट अवलोकन के लिए हर अमावस्या को 'बत्ती गुल अमावस्या' पहल के तहत कृत्रिम रोशनी बंद की जाएगी। इसके अलावा, आगामी 31 अक्टूबर को भव्य स्टारगेजिंग फेस्टिवल का आयोजन होगा। स्थानीय विधायक नितिन पवार ने परियोजना का स्वागत करते हुए शिक्षा सुधार और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया है। आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की पृष्ठभूमि में यह परियोजना नासिक के पर्यटन को एक नई दिशा देगी।