

Nashik Kumbh Mela Railway: मध्य रेलवे के भुसावल मंडल द्वारा नाशिक-त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले के मद्देनजर प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक और समयबद्ध बुनियादी ढांचा विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इस बार रेलवे ने लगभग तीन करोड़ श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ की उम्मीद जताई है, जो 2015 के कुंभ मेले की तुलना में काफी अधिक है। इस चुनौती से निपटने के लिए रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने और स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने हेतु एक एकीकृत विकास योजना तैयार की गई है।
देवलाली रेलवे स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और यात्री प्रबंधन सुविधाओं का काम तेजी से चल रहा है। रेल संपदा को सुरक्षित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के समन्वय से देवलाली कैंप क्षेत्र में अतिक्रमण हटा दिए गए हैं। भारी भीड़ के प्रबंधन के लिए स्टेशनों पर स्वतंत्र ‘होल्डिंग एरिया’ विकसित किए जा रहे हैं, जिसके लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय जारी है।
वहीं, नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म संख्या चार और डाउन प्लेटफॉर्म का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सुरक्षित आवाजाही के लिए एक नए फुटओवर ब्रिज (FOB) को मंजूरी दी गई है, जिसके गर्डर निर्माण का कार्य मनमाड वर्कशॉप को सौंपा गया है।
रेलवे प्रशासन सिग्नलिंग प्रणाली और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पर विशेष ध्यान दे रहा है। मनमाड-इगतपुरी खंड में ‘ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग’ का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है, जिससे ट्रेनों की वहन क्षमता और सुरक्षा में सुधार होगा। ओढा स्टेशन पर नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग बिल्डिंग, ट्रैक फॉर्मेशन और ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) के कार्य प्रगति पर हैं।