शिवसैनिक गद्दारों को सिखाएंगे सबक, शिवसेना नेताओं ने दी चेतावनी
- Written By: अमन दुबे
File Photo
नासिक रोड : देवलाली गांव में आयोजित शिवसेना की बैठक में मौजूद शिवसेना नेताओं (Shiv Sena Leaders) ने कहा कि गद्दारों (Traitors) को सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी जो भी शिवसेना उद्धव ठाकरे (Shiv Sena Uddhav Thackeray) से जुड़े लोगों को गुमराह करेगा या परेशान करेगा, उससे सख्ती से निपटा जाएगा। गद्दारों को उनके किए की सजा देने की पृष्ठभूमि में देवलाली गांव के यशवंत मंडई में वार्ड नंबर 21 और 22 में ठाकरे गुट के वफादार शिवसैनिकों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वफादार शिवसैनिकों की भीड़ उमड़ पड़ी और बैठक सभा में तब्दील हो गई। नासिक रोड के तमाम लोगों का ध्यान सभा ने खींचा।
साथ के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, उसे रोकने के लिए सभास्थल पर भारी पुलिस बल भी रखा गया था। सभा में शिवसेना (ठाकरे गुट) के उप नेता बबनराव घोलप, सुनील बागुल, जिला प्रमुख विजय करंजकर, पूर्व जिला प्रमुख दत्ता गायकवाड, विनायक पांडेय, वसंत गीते, महानगर प्रमुख सुधाकर बडगुजर सभी ने बगावत कर शिंदे गुट में शामिल होने वाले पूर्व पार्षदों की आलोचना की। सभा में कहा गया कि शिवसेना को धोखा देने वाले शिवसैनिकों को आने वाले चुनाव में शिवसैनिक और वोटर सबक सिखाएंगे।
उद्धव ठाकरे गुट के कई शिवसैनिक मौजूद
सभा में शामिल लोगों ने कहा कि वार्ड में फिर से शिवसेना का भगवा फहराया जाएगा। सभा में कहा गया कि शिवसेना से गद्दारी करने वाले ज्यादा दिनों तक सत्ता का सुख नहीं भोग पाएंगे। सभा में इस बात आनंद व्यक्त किया गया कि कोई भी वफादार शिवसैनिक विश्वासघातियों के साथ नहीं गया। सभा में यह भी विश्वास जताया गया कि उद्धव ठाकरे गुट के सभी शिवसैनिक को एकजुट हैं, इसलिए भविष्य में नासिक महानगरपालिका पर शिवसेना उद्धव ठाकरे का भगवा परचम लहराएगा। सभा में जयंत गाडेकर, सुधाकर जाधव ने विचार रखे। योगेश गाडेकर और स्वप्निल आवटे द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में संतोष साल्वे, सुनीता कोथुले, रंजना बोराडे, प्रशांत दिवे, पूर्व विधायक योगेश घोलप, मंगला आढाव, भारती ताजनपुरे, शोभा मगर, पद्मा ठाकरे शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के कई शिवसैनिक मौजूद थे।
