Shirdi News: शिर्डी में साईं बाबा को चढ़ा 1 करोड़ का स्वर्ण मुकुट, गुरु पूर्णिमा पर भक्त की अनूठी गुरु दक्षिणा

Shirdi Sai Baba News: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिर्डी में एक भक्त ने साईं बाबा को 1.03 करोड़ का स्वर्ण मुकुट भेंट किया। आंध्र प्रदेश के श्रीनिवास राव ने मुकुट गुरु दक्षिणा के रूप में अर्पण किया।
Shirdi Sai Baba Gold Crown Donation
आंध्र प्रदेश के भक्त ने साईं बाबा को भेंट किया 642 ग्राम का सोने का मुकुट (फोटो क्रेडिट-X)
Updated on

Shirdi Sai Baba Gold Crown Donation: महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री साईं बाबा समाधि मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आगाज हो गया है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का एक अनूठा और भव्य उदाहरण देखने को मिला। महोत्सव के पहले ही दिन आंध्र प्रदेश के एक भाग्यशाली भक्त ने साईं बाबा को 'गुरु दक्षिणा' के रूप में शुद्ध सोने से बना एक अत्यंत सुंदर मुकुट भेंट किया है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

विशेष रूप से तैयार किया गया यह स्वर्ण मुकुट अब मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया है। भक्त का नाम श्रीनिवास राव है।

642 ग्राम वजन, अमेरिकन डायमंड और नवग्रह देवताओं की नक्काशी

गुरु पूर्णिमा के पहले दिन साईं चरणों में यह करोड़ों का स्वर्ण मुकुट अर्पित करने वाले भक्त का नाम श्रीनिवास राव है, जो आंध्र प्रदेश के वेल्लूर के रहने वाले हैं। श्रीनिवास राव ने साईं बाबा की समाधि पर 642 ग्राम वजनी यह भव्य स्वर्ण मुकुट गुरु दक्षिणा के रूप में भेंट किया।

इस विशेष मुकुट की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1 करोड़ 3 लाख बताई जा रही है। मुकुट की भव्यता को और बढ़ाने के लिए इसे बेशकीमती अमेरिकन डायमंड (American Diamonds) से सजाया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इस पर नवग्रह देवताओं की अत्यंत सुंदर और बारीक आकृतियां उकेरी गई हैं, साथ ही अन्य देवी-देवताओं की आकृतियां भी इस पर विराजमान हैं।

40 वर्षों से शिर्डी आ रहे हैं भक्त श्रीनिवास राव

मीडिया से बातचीत करते हुए भक्त श्रीनिवास राव ने कहा कि वे पिछले 40 वर्षों से लगातार शिर्डी आ रहे हैं और बाबा के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा है। उन्होंने बताया कि वे हर साल गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपनी सामर्थ्य और आस्था के अनुसार कुछ न कुछ खास चढ़ावा साईं चरणों में अर्पित करते हैं, कभी चांदी की वस्तुएं, कभी नकद राशि, तो कभी कुछ और। इस साल बाबा की कृपा से उन्हें यह स्वर्ण मुकुट अर्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

गुरु पूर्णिमा के मुख्य दिन बाबा पहनेंगे यही मुकुट

श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने करोड़ों रुपये मूल्य के इस स्वर्ण दान की पुष्टि की है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, गुरु पूर्णिमा के मुख्य उत्सव के दिन साईं बाबा की मुख्य प्रतिमा को यही नया और भव्य स्वर्ण मुकुट धारण कराया जाएगा, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

Navbharat Live
navbharatlive.com