नासिक में बोले ओम बिड़ला: भविष्य की चुनौतियों के लिए चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक तकनीक पर जोर देना समय की मांग

Nashik Ashoka Health City: नासिक में अशोका हेल्थ सिटी के उद्घाटन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए चिकित्सा अनुसंधान नवाचार पर जोर देना जरूरी है।
Om Birla in Nashik: Emphasizing medical research and modern technology to meet future challenges is the need of the hour.
नासिक में अशोका हेल्थ सिटी के उद्घाटन (सोर्स सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Ashoka Health City Inauguration: देश ने पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया है। लेकिन भविष्य की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए चिकित्सा अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीक पर अधिक जोर देना समय की आवश्यकता है। यह बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने नासिक में आयोजित अशोका हेल्थ सिटी के लोकार्पण समारोह में कही।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, सांसद राजाभाऊ वाजे, सांसद शोभा बच्छाव, अशोका ग्रुप के अध्यक्ष अशोक कटारिया, प्रबंध निदेशक सतीश पारख तथा चिकित्सा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किफायदी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होना बहुत जरूरी है।

निजी संस्थाएं भी निभाएं अपना दायित्व

ओम बिड़ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण पहल की हैं। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं, चिकित्सा महाविद्यालयों की बढ़ती संख्या तथा मेडिकल शिक्षा में सीटों की वृद्धि से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि निजी क्षेत्र को भी सामाजिक दायित्व निभाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। स्वदेशी वैक्सीन बनाकर मनवाया लोहा कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय भारत को चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था।

लेकिन कोरोना संकट के दौरान भारतीय वैज्ञानिकों ने मेड इन इंडिया वैक्सीन विकसित कर देश की वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया। विशेष बात यह रही कि इस वैक्सीन का निर्माण महाराष्ट्र में हुआ और इसने केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों को भी सुरक्षा प्रदान की। उन्होंने कहा कि यही आत्मविश्वास अब कैंसर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों से लड़ने में भी दिखाई देना चाहिए।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए आधुनिक तकनीक, चिकित्सा अनुसंधान और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं केवल शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए, उन्होंने भावी डॉक्टरों से केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि सेवा भाव से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने का आह्वान किया।

नासिक की सांस्कृतिक विरासत की सराहना

अपने संबोधन की शुरुआत में ओम बिड़ला ने नासिक की पावन भूमि को नमन करते हुए कहा कि त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग की पावन धरती आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है। संत ज्ञानेश्वर महाराज, संत तुकाराम महाराज के विचारों तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य की विरासत आज भी देश के युवाओं को नई प्रेरणा देती है।

अशोका हेल्थ सिटी की आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए ओम बिड़ला ने कहा कि यह अस्पताल केवल उपचार का केंद्र न रहकर चिकित्सा अनुसंधान का अग्रणी केंद्र भी चने। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान उत्तर महाराष्ट्र की माताओं और बच्चों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com