नासिक में विकास के लिए उद्योग संगठनों का साथ; निमा और महाराष्ट्र चेंबर ने मिलकर काम करने का भरोसा जताया

NIMA MCCIA Joint Initiative For Nashik: निमा और महाराष्ट्र चेंबर ने नासिक के औद्योगिक, व्यापारिक और कृषि विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। निर्यात, निवेश और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस।
NIMA MCCIA Joint Initiative For Nashik District Industrial Agricultrial Growth Plan
NIMAऔर MCCIA के सदस्य (सोर्सःफाइल फोटो)
Published on
Updated on

NIMA MCCIA Joint Initiative For Nashik District: नासिक जिले के औद्योगिक, व्यापारिक और कृषि विकास को नई गति देने के उद्देश्य से नासिक इंडस्ट्रीज एंड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (निमा) और महाराष्ट्र चेंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर (एमसीसीआईए) ने मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया है। यह घोषणा महाराष्ट्र चेंबर की उत्तर महाराष्ट्र इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान समारोह के दौरान की गई। कार्यक्रम में उत्तर महाराष्ट्र उपाध्यक्ष के रूप में सुनिता फाल्गुणे, सेदांशु पाटील तथा प्रबंधन समिति के अन्य सदस्यों और नई कार्यकारिणी का निमा की ओर से सम्मान किया गया। इस अवसर पर दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों ने नासिक के समग्र विकास के लिए आपसी समन्वय और सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

उद्योग, व्यापार और कृषि क्षेत्र का विकास होगा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निमा के अध्यक्ष आशिष नहार ने कहा कि नासिक जिले के उद्योग, व्यापार और श्रमिक वर्ग के बीच सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण का निर्माण वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिले की आर्थिक प्रगति के लिए उद्योग और व्यापार के साथ कृषि क्षेत्र का विकास भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।

नहार ने बताया कि निमा और महाराष्ट्र चेंबर मिलकर औद्योगिक एवं कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने तथा बेहतर परिवहन और संचार सुविधाओं के विकास के लिए प्रयास करेंगे। उनका मानना है कि यदि सभी क्षेत्र आपसी सहयोग से कार्य करें तो नासिक को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने उद्योग जगत से जुड़े सभी घटकों से विकास की इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।

नई कार्यकारिणी से विकास को नई उम्मीदें

उत्तर महाराष्ट्र की उपाध्यक्ष सुनिता फाल्गुणे ने अपने संबोधन में कहा कि निमा नासिक जिले की अग्रणी औद्योगिक संस्था है और जिले के विकास में इसकी भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी निमा और महाराष्ट्र चेंबर के बीच सहयोग और मजबूत होगा। महाराष्ट्र चेंबर के पूर्व अध्यक्ष संतोष मंडलेचा ने कहा कि दोनों संस्थाएं जिले की प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक ताकत हैं।

ऐसे में नई कार्यकारिणी की जिम्मेदारी केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि नासिक के सर्वांगीण विकास को गति देना भी उनका प्रमुख दायित्व है। कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े अनेक उद्यमी, व्यापारी, पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और जिले के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com