NEET Paper Leak: आरोपी शुभम खैरनार ने पुलिस से बचने को मुंडवाया सिर, रसूखदारों से 20 लाख में करता था डील

Nashik NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में नासिक से गिरफ्तार शुभम खैरनार रसूखदारों से 20 लाख रुपये तक की डील करता था। पुलिस से बचने के लिए उसने सिर मुंडवा लिया था। परीक्षा अब 21 जून को होगी।
NEET paper leak accused Shubham Khairnar was arrested in Nashik after shaving his head to evade police. He charged up to ₹20 lakh per deal. Re-exam is set for June 21.
नीट पेपर लीक शुभम खैरनार (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

NEET Paper Leak Shubham Khairnar Arrest: देशभर के करीब 22 लाख 29 हजार छात्रों के भविष्य को अधर में लटकाने वाले नीट पेपर लीक मामले के तार अब और गहरे तथा चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गए हैं। इस मामले के संदिग्ध आरोपी नासिक के शुभम खैरनार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और नासिक क्राइम ब्रांच द्वारा नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किए जाने के बाद हर दिन नए खुलाए हो रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुभम खैरनार पैसों के दम पर अपने बच्चों को डॉक्टर बनाने की चाह रखने वाले रसूखदारों से संपर्क कर लाखों रुपये की डील करता था। जांच में खुलासा हुआ है कि शुभम खैरनार का मुख्य टारगेट पढ़ाई में कमजोर, लेकिन आर्थिक रूप से बेहद अमीर छात्र होते थे।

20 लाख में करता था डील

जिन अभिभावकों के पास अकूत पैसा है और जो किसी भी कीमत पर अपने बच्चों को डॉक्टर बनाना चाहते थे, शुभम ऐसे ही रसूखदारों की तलाश करता था। वह अभिभावकों को परीक्षा से पहले ही मूल प्रश्नपत्र देने का झांसा देकर 15 से 20 लाख रुपये की डील तय करता था। संशय है कि यह पेपर 1 मई को ही लीक हो गया था। शुभम ने इस पेपर को 10 लाख रुपये में खरीदा था और आगे इसे अमीर छात्रों को 15 लाख रुपये में बेचा था। इस सौदे के बाद यह प्रश्नपत्र इंस्टाग्राम पर भी लीक हो गया था। इस हाई-टेक रैकेट में राज्य के कुछ प्रतिष्ठित कोचिंग क्लास संचालकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, और कई बड़े चेहरे सीबीआई के रडार पर हैं।

पुलिस से बचने मुंडवाया सिर

शुभम खैरनार मूल रूप से नांदगांव का निवासी है और नासिक में बी.ए.एम।एस. के अंतिम वर्ष का छात्र था। राजस्थान सीबीआई और पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर नासिक क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

नासिक पुलिस से बचने के लिए शुभम ने अपने पूरे बाल कटवाकर सिर मुंडवा लिया था और अपने कपड़े भी बदल लिए थे। जब वह देवदर्शन के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने रास्ते में ही जाल बिछाया। नए लुक के कारण शुरुआत में उसकी पहचान करना मुश्किल था, लेकिन पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ से उसे पहचान लिया और हिरासत में ले लिया।

शुभम के कार्यालय और घर पर कौन-कौन लोग मिलने आते थे, इसका सुराग लगाने के लिए सीबीआई अब उसके घर और दफ्तर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। इसके अलावा, पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया और फोन के जरिए शुभम खैरनार से लगातार या संदिग्ध रूप से संपर्क में रहने वाले व्यक्तियों की भी जांच शुरू कर दी गई है।

21 जून को दोबारा परीक्षा

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक के कारण आखिरकार रद्द कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अब इस परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है, जिसके अनुसार 21 जून को नीट की पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस पेपर लीक के कारण लाखों ईमानदार छात्रों का भारी नुकसान हुआ है और शैक्षणिक सत्र का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com