NEET Paper Leak: विवादों के बीच NTA में बड़ी 'सर्जरी', केंद्र ने तैनात किए 4 दिग्गज अफसर, अब होगा फुल एक्शन!

NEET Paper Leak NTA: नीट पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। दो जॉइंट सेक्रेटरी और दो जॉइंट डायरेक्टरों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है।
NEET Paper Leak: Amidst the Controversy, a Major 'Surgery' at the NTA—Centre Deploys 4 Top-Ranking Officers; Full-Scale Action to Follow!
सांकेतिक एआई फोटो
Updated on

NEET Paper Leak Latest News In Hindi: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने एजेंसी के भीतर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार वरिष्ठ अधिकारियों की नई नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब NTA अपनी विश्वसनीयता को लेकर चौतरफा दबाव का सामना कर रही है।

दो नए जॉइंट सेक्रेटरी की हुई नियुक्ति

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अनुजा बापट और रुचिता विज को NTA में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर तैनात किया गया है। अनुजा बापट 1998 बैच की भारतीय सांख्यिकीय सेवा (ISS) की अधिकारी हैं, जबकि रुचिता विज 2004 बैच की भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी हैं। इन दोनों अधिकारियों की नियुक्ति 5 साल के कार्यकाल के लिए की गई है और ये उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत अपनी सेवाएं देंगी।

जॉइंट डायरेक्टर पदों पर भी बदलाव

जॉइंट सेक्रेटरी के अलावा, दो अन्य अधिकारियों को जॉइंट डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है। आकाश जैन, जो 2013 बैच के IRS अधिकारी हैं, उन्हें 'लेटरल शिफ्ट' के तहत NTA भेजा गया है। उनका कार्यकाल 4 दिसंबर 2029 तक होगा। वहीं, 2013 बैच के ही भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा सेवा (IA&AS) के अधिकारी आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को भी जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है। आदित्य की नियुक्ति सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत की गई है और वे 16 मई 2028 तक इस पद पर रहेंगे।

कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने दी मंजूरी

इन सभी उच्च-स्तरीय नियुक्तियों का निर्णय 'अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ द कैबिनेट' (ACC) द्वारा लिया गया है। गौरतलब है कि ACC सरकार की सबसे शक्तिशाली समिति होती है जो वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती पर मुहर लगाती है और इसमें प्रधानमंत्री की मुख्य भूमिका होती है। DoPT के निदेशक एनीस कनमनी जॉय द्वारा इस आदेश की कॉपी प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय और कैबिनेट सचिवालय के साथ-साथ कुछ विभागों को भी भेजी गई हैं।

विवादों के साये में NTA

NTA एक स्वायत्त सरकारी संस्था है जो देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाएं जैसे NEET और JEE आयोजित करती है। हालिया नीट पेपर लीक विवाद ने न केवल छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि एजेंसी को भी संदेह के घेरे में ला दिया है। इस पेपर लीक मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com