कुंभ तैयारियों को मिली रफ्तार, पेंट माय सिटी अभियान, डिजिटल सुविधाएं और बुनियादी ढांचा प्रस्तावों को मंजूरी

Nashik Kumbh Mela 2026: नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभमेले की तैयारियों को गति देते हुए ‘पेंट माय सिटी’ अभियान, डिजिटल ऐप्स और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
nashik trimbakeshwar kumbh mela preparations paint my city digital apps approval
Nashik Kumbh Mela (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Trimbakeshwar Kumbh Mela: कुंभमेले की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभमेला प्राधिकरण की आंतरिक समीक्षा बैठक में विभिन्न आधारभूत संरचना प्रस्तावों के साथ ‘पेंट माय सिटी’ अभियान को मंजूरी प्रदान की गई। कुंभमेला प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ। प्रवीण गेडाम की अध्यक्षता में यह ऑनलाइन बैठक हाल ही में संपन्न हुई। बैठक में प्रशासनिक तैयारियों, आपदा प्रबंधन, जलापूर्ति, यातायात व्यवस्था, डिजिटल सुविधाओं तथा शहर सौंदर्यीकरण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

‘पेंट माय सिटी’ अभियान का उद्देश्य शहर का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। बैठक में कुंभमेले के लिए आधिकारिक वेबसाइट तथा एंड्रॉइड और आईओएस मोबाइल ऐप विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके माध्यम से नागरिकों को जानकारी, संवाद और विभिन्न डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

पुरानी जिला परिषद इमारत को किराये पर

बैठक में कुंभमेला प्राधिकरण कार्यालय के लिए पुरानी जिला परिषद इमारत को किराये पर उपयोग करने की मंजूरी दी गई, जिसके लिए प्रतिमाह 18 लाख रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसके अलावा जनार्दन स्वामी मठ से लक्ष्मीनारायण मंदिर पुल मार्ग होते हुए ड्रीम सिटी चौक तक 30 मीटर चौड़े विकास मार्ग को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई। इस सड़क के निर्माण से कुंभमेला नियोजन क्षेत्र में यातायात और संपर्क व्यवस्था अधिक मजबूत होगी।

साधुग्राम क्षेत्र के लिए जलापूर्ति व्यवस्था

प्रस्तावित साधुग्राम क्षेत्र के लिए जलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गंगापुर बांध पंपिंग स्टेशन तथा विभिन्न जलशुद्धिकरण केंद्रों में पंपिंग मशीनरी उपलब्ध कराने, स्थापित करने और शुरू करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में कुंभमेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह, जिलाधिकारी आयुष प्रसाद, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी बाबूलाल पाटील, उपआयुक्त योगेंद्र चौधरी तथा मनपा शहर अभियंता संजय अग्रवाल उपस्थित थे।

15 हजार स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रशिक्षण

आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 15 हजार स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कुंभमेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, आपात स्थितियों से निपटने और नागरिकों की सहायता के लिए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की टीम तैयार की जाएगी।

प्रतिक्रिया

कुंभमेला प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ.  प्रवीण गेडाम ने कहा कि सिंहस्थ कुंभमेले की तैयारियां सुनियोजित और समन्वित तरीके से की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक तैयारी, तकनीक के उपयोग और विभागीय समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com