Ashok Kharat News: नाशिक में चर्चित सेक्स स्कैंडल मामले में आरोपी ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात के खिलाफ जांच तेज हो गई है। एसआईटी जांच में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जिसमें उसकी अरबों रुपये की संपत्ति का भी पर्दाफाश हुआ है।
जांच में सामने आया है कि खरात और उसके परिवार के नाम पर नाशिक शहर के अलावा सिन्नर, शिरडी, राहाता, निघोज और निमगांव कोरहाले में बड़े पैमाने पर जमीन और संपत्तियां दर्ज हैं। एक जमीन में ठाणे के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की साझेदारी की भी जानकारी सामने आई है।
महिला के यौन शोषण के मामले में केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने खरात के शहर स्थित बंगले, कार्यालय और सिन्नर स्थित फार्महाउस पर छापेमारी की। इस दौरान पिस्तौल, जिंदा कारतूस, करीब 8 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए।
मामले के राजनीतिक तूल पकड़ने के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस प्रकरण से जुड़े सभी तथ्य उनके पास हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले को राजनीतिक रंग देने के बजाय गंभीरता से जांच होने दी जानी चाहिए। सरकार पीड़ित महिलाओं को सामने आने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तांत्रिक ने कथित रूप से 100 से अधिक देशों की यात्रा की है। अब तक उसकी संपत्तियों से जुड़े 60 से अधिक सातबारा अभिलेख सामने आ चुके हैं। नाशिक के कर्मयोगीनगर में उसका आलीशान बंगला और शरणपुर रोड पर कार्यालय भी जांच के दायरे में है।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस और एसआईटी की संयुक्त जांच जारी है, और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।