शिवाजीनगर में घुसा तेंदुआ, 4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, ड्रोन और जेसीबी की मदद से वन विभाग को कामयाबी

Nashik Leopard Rescue: तेंदुए के रिहायशी इलाके में घुसने से नासिक के सातपुर के शिवाजीनगर में हड़कंप मच गया, जहां वन विभाग ने करीब चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया।
nashik satpur leopard captured shivajinagar sant tukaram garden rescue
Satpur Shivajinagar leopard incident (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Satpur Shivajinagar: सातपुर के शिवाजीनगर स्थित संत तुकाराम महाराज गार्डन परिसर में शनिवार 28 मार्च को तेंदुए के आने से हड़कंप मच गया। रिहायशी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही नागरिकों में दहशत फैल गई।

अंततः वन विभाग की टीम ने लगभग चार घंटे के कड़े संघर्ष के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से जाल में फंसाने में सफलता हासिल की। घटना की शुरुआत तब हुई जब गार्डन के समीप निर्माणाधीन 'श्रीराम रो-हाउस' के एक कमरे में निर्माण श्रमिकों ने तेंदुए को आराम फरमाते हुए देखा।

तेंदुए को ढूंढने में काफी मुश्किलें

तेंदुए को देखते ही श्रमिकों ने डर के मारे वहां से दौड़ लगा दी। गनीमत रही कि तेंदुए ने किसी पर हमला नहीं किया। घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग और पुलिस प्रशासन को दी गई, जो तत्काल मौके पर पहुंचे। गार्डन परिसर में घनी झाड़ियां होने के कारण तेंदुए को ढूंढने में काफी मुश्किलें आ रही थीं।

संत तुकाराम गार्डन इलाके में घुसा तेंदुआ

वन विभाग ने ड्रोन कैमरों की मदद से करीब तीन घंटे तक पूरे इलाके की निगरानी की, लेकिन तेंदुआ बाहर नहीं निकल रहा था। स्थिति को देखते हुए जेसीबी मशीन बुलाकर झाड़ियों को हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान तेंदुआ अचानक बाहर निकला और पास के 'श्री स्वामी रो-बंगलो' परिसर में जा छिपा। तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग छतों पर जमा हो गए, जिससे रेस्क्यू टीम के काम में बाधा भी उत्पन्न हुई।

नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

अंततः वन विभाग की रेस्क्यू टीम के सदस्य प्रशांत खैरनार, वनक्षेत्रपाल सुमित निर्मल, संतोष गायकवाड, वनरक्षक पांडुरंग भामरे, अनिल अहिरराव और अन्य कर्मचारियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को 'ट्रैंकुलाइजिंग गन' (बेहोशी के इंजेक्शन) की मदद से काबू में किया। तेंदुआ बेहोश होने के बाद उसे सुरक्षित रूप से पिंजरे में डालकर वन विभाग के केंद्र ले जाया गया। प्रशासन ने राहत की सांस ली है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com