

Nashik Municipal Recruitment: नासिक मनपा में पिछले 20 वर्षों बाद हो रही सीधी भर्ती प्रक्रिया को लेकर महासभा में भारी हंगामे के बावजूद प्रशासन ने इसे जारी रखने का निर्णय लिया है। आगामी कुंभ मेले के लिए आवश्यक तकनीकी जनशक्ति को ध्यान में रखते हुए 300 रिक्त पदों के लिए 24 और 25 फरवरी को राज्य के 13 शहरों में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
महापौर हिमगौरी आहेर-आडके की अध्यक्षता में आयोजित महासभा में भर्ती प्रक्रिया को रद्द या स्थगित करने की मांग को लेकर नगरसेवकों ने जमकर नारेबाजी और विरोध किया। कई सदस्यों का तर्क था कि नासिक मनपा की भर्ती होने के बावजूद परीक्षा राज्य के अन्य 13 शहरों में क्यों ली जा रही है। उन्होंने स्थानीय भूमिपुत्रों को प्राथमिकता देने और अग्निशमन विभाग में पहले से मानदेय पर कार्यरत 105 कर्मचारियों को वेटेज देने की मांग उठाई।
कुल पद: 300
इन पदों के लिए राज्यभर से 19,500 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। परीक्षा नासिक सहित सिन्नर, मुंबई, ठाणे, पुणे, धुलिया, जलगांव, अहिल्यानगर, अमरावती, छत्रपति संभाजीनगर, कोल्हापुर, नागपुर और नांदेड़ के 29 केंद्रों पर आयोजित होगी।
विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए मनपा आयुक्त मनीषा खत्री ने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया सरकारी नियमों और स्वीकृतियों के अनुसार पारदर्शी तरीके से लागू की जा रही है। वहीं महापौर आहेर ने कुंभ मेले का हवाला देते हुए कहा कि समय कम है और शहर के विभिन्न बुनियादी ढांचागत प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने के लिए नए इंजीनियरों और तकनीकी स्टाफ की अत्यंत आवश्यकता है। कुंभ मेले के दौरान ये नए कर्मचारी वरिष्ठों के मार्गदर्शन में अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद शेष रिक्त पदों की भर्ती के लिए वे स्वयं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलकर फॉलो-अप लेंगी। नगरसेवकों की मांगें अमान्य होने के साथ ही अब अगले तीन दिनों में होने वाली परीक्षाओं पर मंडरा रहे अनिश्चितता के बादल छंट गए हैं।