नासिक में दर्दनाक हादसा; कार की टक्कर से मध्यप्रदेश के मजदूर दंपत्ति की इलाज के दौरान हुई मौत
Worker Couple Killed: नासिक में मुंबई-आगरा हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार कार ने मजदूर दंपत्ति को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने चालक पर मामला दर्ज किया।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
नासिक में दर्दनाक हादसा (फोटो नवभारत)
Worker Couple Killed In Car Accident: मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से मजदूर दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा राणेनगर और इंदिरानगर के बीच उस स्थान पर हुआ, जहां फ्लाईओवर के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है।
मृतकों की पहचान नन्नेभाई भगवानदास आदिवासी (56) और उनकी पत्नी राधारानी नन्नेभाई आदिवासी (55) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के पुरानाखेड़ा गांव के निवासी थे और नासिक में निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। घटना के बाद अंबड पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाईवे पार करते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 26 जून की शाम करीब पांच बजे दंपत्ति काम खत्म होने के बाद मुंबई-आगरा हाईवे पार कर रहे थे। उसी दौरान पाथर्डी फाटा से द्वारका की ओर तेज रफ्तार से जा रही कार (MH-15 HM-2153) ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सम्बंधित ख़बरें
नाले पर अतिक्रमण से फैक्ट्रियों व स्कूलों में भरा था 3 फीट पानी, नुकसान के बाद भी नहीं जागा नागपुर प्रशासन
नासिक में बिना OC इस्तेमाल हो रहीं 46,389 संपत्तियां, विधानसभा में मंत्री का खुलासा- वसूला जाएगा भारी जुर्माना
समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, चंद्रपुर के जीवने परिवार में पसरा मातम
सिंहस्थ कुंभमेले के लिए रेलवे का मेगाप्लान: चलेंगी 150 विशेष ट्रेनें, नासिक के 5 स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण
स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल जिला शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
यह भी पढ़ेः- राज ठाकरे ने मनसे पदाधिकारियों को दिया अल्टीमेटम, बोलें- ‘निष्क्रिय मत बैठो, तुरंत काम में जुट जाओ’
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान नन्नेभाई भगवानदास आदिवासी ने शुक्रवार रात दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी राधारानी ने शनिवार तड़के अंतिम सांस ली। घटना के बाद परिजनों और सहकर्मी मजदूरों में शोक का माहौल है। अंबड पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की आवश्यकता को लेकर भी इस हादसे के बाद सवाल उठने लगे हैं।
