8 माह की मासूम अचानक गायब, पुछताछ के बाद संदिग्ध ने की खुदकुशी, नासिक में अब तक नहीं मिला बच्ची की सुराग

Nandgaon Girl Missing: नासिक के नांदगांव में 8 महीने की बच्ची लापता होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है। पूछताछ किए गए एक संदेही का शव पेड़ से लटका मिला।
nandgaon 8 month old girl missing suspect death
नांदगांव मन्याड पुलिस चौकी (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Suspect Suicide: नासिक जिले की नांदगांव तहसील अंतर्गत मन्याड चौकी इलाके से 8 महीने की मासूम बच्ची के अचानक लापता होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लगभग 36 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस बीच, मामले में संदिग्ध के तौर पर पूछताछ किए गए एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने से इस पूरे मामले का रहस्य और गहरा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार 17 सितंबर की मध्यरात्रि मन्याड चौकी निवासी मच्छिंद्र मोरे अपने परिवार के साथ घर के बाहर सोए हुए थे। रात करीब 12 बजे मच्छिंद्र और उनकी पत्नी के बीच सोई 8 महीने की मासूम बच्ची 'तनू' अचानक गायब हो गई। नींद खुलने पर बच्ची बिस्तर में नहीं दिखी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

नांदगांव के मन्याड चौकी से बच्ची बेपत्ता

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस कर्मी और स्थानीय अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान श्वान दस्ते की मदद ली गई। श्वान दस्ते द्वारा दिखाए गए रास्ते और संदेह के आधार पर पुलिस ने कुछ नजदीकी रिश्तेदारों सहित अन्य संदिग्धों से पूछताछ की। इसमें श्रावण मोरे नामक व्यक्ति से भी देर रात तक पूछताछ की गई थी। पूछताछ के बाद सभी संदिग्धों को घर भेज दिया गया।

पुलिस पूछताछ के बाद संदेही का फंदे से लटकता मिला शव

इस बीच, शुक्रवार तड़के संदेही श्रावण मोरे का शव एक पेड़ से फंदे पर लटकता पाया गया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नांदगांव ग्रामीण अस्पताल भेजा गया, जहां मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। मृतक के बेटे सुनील मोरे और बहू सुनीता मोरे सहित परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया कि पुलिस पूछताछ के दौरान की गई मारपीट और प्रताड़ना के कारण ही श्रावण मोरे ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

nandgaon 8 month old girl missing suspect death
नासिक में गणेशोत्सव वीकेंड पर उमड़ेगी भीड़, 350 ट्रैफिक पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा; बदले जाएंगे ट्रैफिक रूट

अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल

इस घटना के बाद मौके पर और अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। इन सभी आरोपों पर पुलिस ने आधिकारिक बयान देने से इनकार करते हुए कहा है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

फिलहाल, पुलिस प्रशासन और अपराध शाखा की टीमें तमाम पहलुओं से छानबीन कर रही हैं, लेकिन 36 घंटे बाद भी मासूम बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मुख्य संदेही द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के बाद अब इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com