

Malegaon Hospital Oxygen Shortage: नासिक जिले के मालेगांव में स्थित 200 बेड का सामान्य रुग्णालय इन दिनों ऑक्सीजन की किल्लत से जूझ रहा है। ऑक्सीजन सप्लाई करने वाली कंपनी का लाखों रुपये का भुगतान बकाया होने के कारण सप्लाई में देरी की शिकायत सामने आ रही है।
अस्पताल में रोजाना 10 से अधिक ऑक्सीजन सिलिंडरों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नियमित और पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सामान्य रुग्णालय में हर महीने करीब 24 हजार मरीजों की ओपीडी में जांच होती है। यहां करीब 300 प्रसूतियां होती हैं, जबकि आईसीयू और एनआईसीयू में लगातार मरीजों का इलाज चलता है। ऐसे महत्वपूर्ण अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चिंता जताई है।
ऑक्सीजन सप्लायर का बकाया भुगतान करना सरकार की जिम्मेदारी है, जबकि मरीजों को समय पर पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध कराना ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
यदि सरकार और ठेकेदार के बीच भुगतान एवं सप्लाई को लेकर तालमेल नहीं बैठा, तो इसका सीधा असर अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों पर पड़ सकता है।
कोरोना काल के दौरान मालेगांव सामान्य रुग्णालय में दो बड़े ऑक्सीजन टैंक और प्लांट लगाए गए थे। इनमें से एक प्लांट में लिक्विड ऑक्सीजन का इस्तेमाल किया जाता था।
वहीं तत्कालीन सांसद डॉ. सुभाष भामरे की विशेष पहल से लगाए गए दूसरे प्लांट में हवा से ऑक्सीजन तैयार करने की क्षमता थी। बताया जा रहा है कि वर्तमान में दोनों ऑक्सीजन प्लाट बंद पड़े हैं। इन्हें दोबारा शुरू करने के लिए भी लाखों रुपये के खर्च की आवश्यकता बताई जा रही है।
शफीक एंटीकरप्शन ने आरोप लगाया कि अस्पताल में पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं है और जिम्मेदार अधिकारियों को मनपा तथा अन्य अस्पतालों से ऑक्सीजन सिलिंडर मांगने पड़ रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि ऑक्सीजन की समस्या के चलते मरीजों को धुले रेफर किए जाने की स्थिति भी सामने आ रही है।
उन्होंने अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन कई महीनों से बंद होने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि मरीजों को एक के बाद एक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इन समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नासिक जिले के मालेगांव में 200 बेड के सामान्य अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज होता है। आईसीयू और एनआईसीयू जैसी संवेदनशील इकाइयों के चलते यहां ऑक्सीजन की निर्बाध उपलब्धता बेहद जरूरी है।
कोरोना काल में लगाए गए ऑक्सीजन प्लांट बंद पड़े होने और मौजूदा सप्लाई में भी देरी की शिकायतों ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सवाल यह है कि मरीजों को राहत कब मिलेगी और बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट कब दोबारा शुरू किए जाएंगे।
सामान्य रुग्णालय के वैद्यकीय अधीक्षक डॉ. प्रल्हाद गुटे ने कहा कि अस्पताल में ऑक्सीजन की थोडी किल्लत के सूस हो रही है। की जानकारी सिविल सर्जन और डीडी मेडिकल के समक्ष भी रखी गई है। जल्द से जल्द समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।