Akhtarabad Murder Incident (सोर्सः सोशल मीडिया)
Malegaon Crime News: मालेगांव शहर के अख्तराबाद इलाके में पुरानी रंजिश के चलते शेख सलीम शेख चांद उर्फ मोहम्मद मोट्या (32) की धारदार हथियारों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के भाई शेख हनीफ चांद उर्फ राजू की शिकायत पर पवारवाडी पुलिस स्टेशन में सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस खूनी हमले में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार यह सनसनीखेज वारदात मंगलवार, 24 मार्च की आधी रात को हुई। शिकायतकर्ता हनीफ के अनुसार, उसका भाई सलीम और उसका एक दोस्त अख्तराबाद स्थित बीड़ी गोदाम के पास खड़े थे। उसी दौरान सात से आठ संदिग्ध आरोपी लाठी-डंडे, कोयता और तलवार लेकर वहां पहुंचे।
पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए आरोपियों ने सलीम पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने तलवार से सलीम के सिर पर वार किया, जबकि अन्य ने कोयते से उसके सिर, हाथ और पैरों पर हमला किया। इस भीषण हमले में सलीम की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के दौरान फैयाज अहमद मोहम्मद आमीन (बड़ा कब्रिस्तान क्षेत्र) को भी जान से मारने की नीयत से निशाना बनाया गया। आरोपियों ने उसके सिर, दाहिने पैर और बाएं हाथ पर तलवार व कोयते से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़े: Akola News: जय अंबे माता संस्थान में पु. शास्त्री जनक जोशी द्वारा श्रीमद् देवी भागवत कथा आयोजित
घटना की सूचना मिलते ही कैंप विभाग के सहायक पुलिस अधीक्षक दर्शन दुग्गड और पवारवाडी पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक आर.एस. खताल ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक किरण पाटिल कर रहे हैं।