शिक्षा बोर्ड कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त, शिक्षा आयुक्त के साथ सकारात्मक चर्चा के बाद काम पर लौटे कर्मचारी

Maharashtra Board Strike Called Off: महाराष्ट्र बोर्ड कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त, शिक्षा आयुक्त के आश्वासन के बाद कर्मचारी काम पर लौटे, अब 10वीं-12वीं के परिणाम समय पर आने की उम्मीद है।
maharashtra board employees strike called off nashik results safe education commissioner
Maharashtra Board (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Education Board: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों ने अपना काम बंद आंदोलन वापस ले लिया है। लंबित मांगों को लेकर शिक्षा आयुक्त के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

बोर्ड प्रशासन द्वारा अचानक महाराष्ट्र नागरिक सेवा नियम लागू करने के फैसले से कर्मचारियों में भारी असंतोष था। इस नए नियम के कारण पदोन्नति (प्रमोशन) और स्थानांतरण (ट्रांसफर) के पुराने मानदंड रद्द हो गए थे। इसके विरोध में महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कर्मचारी महासंघ और बहुजन कर्मचारी कल्याण महासंघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने बुधवार (29 अप्रैल) से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी।

नतीजों पर मंडरा रहा था खतरा

यदि कर्मचारियों का यह आंदोलन लंबा खिंचता, तो दसवीं और बारहवीं कक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं की जांच और परिणाम (रिजल्ट) तैयार करने का काम पूरी तरह ठप हो सकता था। इससे समय पर नतीजे घोषित करने में बड़ी बाधा उत्पन्न होने की संभावना थी।

प्रशासन का आश्वासन

बुधवार को महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल और शिक्षा आयुक्त के बीच मैराथन बैठक हुई। चर्चा के दौरान आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस ठोस आश्वासन के बाद महासंघ ने तत्काल प्रभाव से आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। कर्मचारियों के काम पर लौटने से अब बोर्ड के परीक्षा परिणामों से जुड़ा कामकाज सुचारू रूप से शुरू हो सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com