नासिक में लंपी वायरस के खिलाफ युद्ध स्तर पर टीकाकरण शुरू, जिलों को भेजी गईं गोट पॉक्स वैक्सीन की 37 लाख खुराक
Nashik News: गोवंश को लंपी चर्म रोग से बचाने के लिए वर्ष 2026-27 का टीकाकरण अभियान शुरू। पशुपालन विभाग ने गोट पॉक्स वैक्सीन की 37.52 लाख खुराकें जिलों को भेजीं, कोल्ड चेन पर विशेष जोर।
- Written By: रूपम सिंह
टीकाकरण (सोर्स- सोशल मीडिया)
Nashik Lumpy Skin Disease Vaccination Campaign: नासिक जिले सहित राज्यभर में गोवंश को लंपी चर्म रोग (Lumpy Skin Disease) से सुरक्षित रखने के लिए वर्ष 2026-27 का व्यापक टीकाकरण अभियान युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। पशुपालन विभाग ने इस वर्ष अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है। पशुपालन आयुक्त डॉ. किरण पाटिल ने बताया कि पुणे स्थित पशुवैद्यकीय जैव पदार्थ निर्मिती संस्था द्वारा निर्मित गोट पॉक्स वैक्सीन का बड़े पैमाने पर वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्था के कुल उत्पादन का 40 प्रतिशत हिस्सा, अर्थात 37 लाख 52 हजार वैक्सीन खुराक विभिन्न जिलों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे टीकाकरण अभियान को गति मिलेगी और पशुधन को बीमारी से बचाया जा सकेगा।
अधिक दूध देने वाले पशुओं को प्राथमिकता
पशुपालन विभाग ने इस बार टीकाकरण की रणनीति में विशेष बदलाव किया है। अभियान के दौरान अधिक दूध उत्पादन करने वाले पशुओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा जिन तहसीलों में पिछले वर्ष लंपी वायरस का अधिक प्रकोप देखा गया था और जिन्हें ‘हॉटस्पॉट’ घोषित किया गया था, वहां विशेष ध्यान देकर टीकाकरण किया जाएगा। विभाग का मानना है कि समय पर टीकाकरण से बीमारी के प्रसार को रोका जा सकता है और किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
Mumbai Crime News: उत्तर परिमंडल में मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 गंभीर अपराधियों को किया तड़ीपार
MHADA Update: शिकायतों के समाधान के लिए बनेगा अलग सेल, देवेंद्र फडणवीस का एमएचएडीए को निर्देश
छत्रपति संभाजीनगर: स्थायी समिति की बैठक में हंगामा, सड़क, पानी और 22 करोड़ के प्रकरण पर अधिकारियों को फटकार
MMRDA Project Status: कासारवडवली-खारबाव पुल परियोजना लटकी, जमीन न मिलने से काम पड़ा धीमा
कोल्ड चेन बनाए रखने के सख्त निर्देश
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पशुपालन विभाग के सह-आयुक्त डॉ. याहया खान पठान ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। वैक्सीन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए संपूर्ण कोल्ड चेन प्रणाली का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
नासिक जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक टीकाकरण की प्रगति रिपोर्ट विभाग को अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। इसके माध्यम से अभियान की निगरानी और समीक्षा लगातार की जाएगी।
पशुपालकों से सहयोग की अपील
डॉ. किरण पाटिल ने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उसकी सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पशुपालकों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा निजी संगठनों से टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। विभाग का लक्ष्य है कि जिले के अधिकतम गोवंश का समय पर टीकाकरण कर लंपी रोग के खतरे को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सके।
