मंत्री गिरीश महाजन ने किया नंदिनी नदी का निरीक्षण, चौड़ीकरण और जल प्रवाह के दिए निर्देश

Girish Mahajan: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नाशिक में चलाए गए नंदिनी नदी स्वच्छता महाअभियान के बाद जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन ने नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया।
girish mahajan inspects nandini river cleanliness rejuvenation drive nashi
Nandini River Cleanliness Drive (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nandini River: विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जनभागीदारी से चलाए गए नंदिनी नदी स्वच्छता महाअभियान के बाद, आज तीसरे दिन राज्य के जलसंपदा एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने नंदिनी नदी क्षेत्र का प्रत्यक्ष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नदी की स्वच्छता, गाद निकालने और नदी संवर्धन के चल रहे कार्यों की जमीनी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित सरकारी एजेंसियों को नदी के पात्र को और अधिक चौड़ा करने के साथ-साथ आगामी मानसून में जल प्रवाह में कोई बाधा न आए, इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय तुरंत पूरे करने के निर्देश दिए।

विश्व पर्यावरण दिवस पर उन्नत नासिक, स्वच्छ नासिक, हरित नासिक के संकल्प के तहत आयोजित इस महाअभियान में 15 हजार से अधिक नासिक वासियों ने हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया था। इसके बाद नदी के दीर्घकालिक कायाकल्प के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लेने मंत्री महाजन खुद मैदान में उतरे।

7 प्रमुख स्थानों पर युद्धस्तर पर कार्य जारी

पिछले तीन दिनों से नदी के सात विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनों के जरिए लगातार काम किया जा रहा है। इनमें पिंपलगांव बहुला, पपीहा नर्सरी, आईटीआई पुल के पास, मुंबई नाका, भारत नगर, पखाल रोड और काठी गली परिसर शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में नदी के भीतर जमा कचरा, जलकुंभी, जंगली झाड़ियां और जमा हुई अतिरिक्त मिट्टी को हटाकर नदी के तल को समतल किया जा रहा है, ताकि बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।

जल प्रबंधन और पर्यावरण संतुलन पर जोर

निरीक्षण के दौरान मंत्री गिरीश महाजन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा, नंदिनी नदी का संरक्षण केवल एक बार की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भविष्य के जल प्रबंधन से जुड़ी एक बड़ी जिम्मेदारी है। मानसून में पानी का बहाव सुचारू रहे और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने नदी के किनारे की हरित पट्टी को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करने और इसके लिए एक विशेष कार्ययोजना तैयार करने का भी आदेश दिया।

मंत्री महाजन ने इस अभियान में शामिल हुए नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि नासिक की जनता ने जनशक्ति की अद्भुत मिसाल पेश की है। अब इस अभियान को निरंतर नदी पुनर्जीवन आंदोलन का रूप देना होगा। इस दौरे के दौरान पर्यावरण विशेषज्ञ राजेश पंडित, मनोज साठे, संदीप जाधव, शहराध्यक्ष सुनील केदार, नीलेश बोरा और वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सावजी सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। पखाल रोड क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने नंदिनी नदी में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हो रही सफाई के लिए मंत्री गिरीश महाजन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com