

Nashik Municipal Development Plans: नासिक महानगरपालिका की महासभा में पारित महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अब तेजी से अमल में लाया जाएगा। शहर के विकास, शिक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को लेकर लिए गए निर्णयों का लाभ लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
यह जानकारी महापौर हिमगौरी आहेर-आडके ने शनिवार को महापौर के शासकीय निवास रामायण बंगला में आयोजित संयुक्त पत्रकार परिषद में दी। इस अवसर पर उपमहापौर विलास शिंदे भी उपस्थित थे।
महापौर ने कहा कि महासभा में शहर के दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इन निर्णयों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शिक्षा और बुनियादी ढांचे को नई दिशा देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रस्तावों की प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित की जाएगी।
पत्रकार परिषद में सबसे महत्वपूर्ण निर्णय मराठी माध्यम की निजी अनुदानित एवं गैर-अनुदानित स्कूलों को व्यावसायिक संपत्ति कर और जलकर से पूर्ण छूट देने का बताया गया। महापौर ने कहा कि मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिलने के बाद मातृभाषा में शिक्षा को प्रोत्साहन देने और मराठी स्कूलों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी माध्यम की ओर बढ़ते रुझान के बावजूद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और संस्कारों के लिए मातृभाषा में शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शहर की बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए गंगापुर रोड के समानांतर वैकल्पिक मार्ग को भी महासभा की मंजूरी मिल गई है। यह मार्ग एमआईडीसी तथा यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय क्षेत्र को जोड़ते हुए आगे लगभग 200 गांवों तक संपर्क स्थापित करेगा, लगभग आठ किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से गंगापुर रोड पर यातायात का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है। महापौर ने बताया कि द्वारका से नासिक रोड तक के मार्ग का निर्माण भी सिंहस्थ से पहले पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियां तेजी से कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि मनपा स्कूलों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था विकसित करने के लिए गणित, विज्ञान और भूगोल प्रयोगशालाएं, स्मार्ट अटेंडेंस सिस्टम तथा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर विकसित किए जा रहे हैं।
कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि के माध्यम से पोर्टा केबिन स्कूल, आधुनिक शौचालय, छात्राओं के लिए पिंक रूम तथा अन्य विद्यार्थी हितैषी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के बौद्धिक, मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में डेंगू नियंत्रण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहर में डेंगू के कुछ मामले सामने आने के बाद फॉगिंग सेवा बाधित न हो, इसके लिए वर्तमान ठेकेदारों को एक माह का विस्तार दिया गया है।
इस अवधि में स्थायी नीति तैयार कर अगली महासभा में अंतिम निर्णय लिया जाएगा, गोदावरी घाट क्षेत्र की सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर भी महापौर ने सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सफाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने। वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।