भुसावल मंडल के अस्वली-पाडली खंड पर लगा स्थायी गति प्रतिबंध हटाते रेलवेकर्मी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Bhusawal Division Speed Restriction Removed: मध्य रेल के भुसावल मंडल के अंतर्गत आने वाले अस्वली-पाडली खंड पर लगा स्थायी गति प्रतिबंध अब हटा दिया गया है। इससे इस रूट पर सुरक्षित और तेज़ ट्रेन संचालन को बढ़ावा मिलेगा। मध्य रेल पर ट्रेनों की पंक्चुअलिटी के साथ गति बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के कार्य किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में भुसावल मंडल ने अस्वली-पाडली खंड की अप लाइन पर चुनौतीपूर्ण थ्रू फॉर्मेशन ट्रीटमेंट (TFTR) कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया है। इस खंड में किलोमीटर 160.57 से 160.13 के बीच लगभग 800 मीटर लंबे हिस्से पर लंबे समय से 75 किमी प्रति घंटे का स्थायी गति प्रतिबंध (PSR) लागू था। विशेष रूप से मानसून के दौरान उसकी निरंतर निगरानी आवश्यक होती थी।
मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. स्वप्निल नीला के अनुसार यह कार्य कई चुनौतियों से भरा हुआ था, क्योंकि यह खंड अर्ध-घाट क्षेत्र में स्थित है, जहां पहुंच सीमित है। ट्रैक की फॉर्मेशन ऊंचाई लगभग 9 मीटर है तथा इसमें 2.26 डिग्री का मोड़ भी शामिल है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, इस कार्य को वर्ष 2025 में मानसून के बाद रणनीतिक रूप से शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें:- मुंबई से झारखंड के लिए सीधी ट्रेन सर्विस शुरू, धनबाद-LTT एक्सप्रेस हुई रेगुलर, जानें पूरा शेड्यूल
TFTR कार्य को कट एंड कवर विधि का उपयोग करते हुए 4 एक्सकेवेटर, 2 (जेसीबी JCB), 3 हाइड्रा क्रेन, 1 वाइब्रेटरी रोलर तथा पानी के टैंकरों की मदद से पूरा किया गया। यह संपूर्ण कार्य 33 ट्रैफिक ब्लॉकों में संपन्न हुआ, जिनमें प्रत्येक की औसत अवधि 2 घंटे 30 मिनट रही। मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरों की समर्पित टीम, जिसमें 10 विभागीय कर्मचारी और 25 कर्मियों सहित कुल 35 कर्मियों ने मेहनत से कार्य करते हुए इस परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा किया।
TFTR कार्य के सफल समापन के साथ ही 75 किमी प्रति घंटे का स्थायी गति प्रतिबंध अब हटा दिया गया है। इससे इस खंड पर ट्रेनों की गति बढ़ेगी और ट्रेन संचालन की सुरक्षा में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।