शापित जमीन, युवती की मौत और परिवार को मारने की धमकी, अशोक खरात का एक और चौंकाने वाला मामला

Ashok Kharat Land Scam: नासिक के जालसाज अशोक खरात ने जादू-टोने और मौत का डर दिखाकर किसान परिवार की 16 लाख की जमीन 4 लाख में हड़पी। मंदिर बनाकर छिपाया अपना काला सच।
Nashik Bhondu Baba Case Update
Nashik Bhondu Baba Case Update (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Ashok Kharat Land Scam Update: नासिक के कुख्यात जालसाज अशोक खरात के काले कारनामों की लिस्ट छोटी होने का नाम नहीं ले रही है। यौन शोषण और पैसों की धोखाधड़ी के बाद अब जमीन हड़पने का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। सिन्नर तालुका के मीरगांव में जिस ईशान्येश्वर महादेव मंदिर को लोग श्रद्धा से देखते थे, उसके पीछे एक परिवार की तबाही की कहानी छिपी है। आरोप है कि अशोक खरात ने जादू-टोने और मौत का डर दिखाकर एक गरीब किसान परिवार की कीमती जमीन कौड़ियों के दाम पर अपने नाम करवा ली।

यह पूरा मामला साल 1997 से शुरू होता है, जब एक परिवार ने 16 लाख रुपये में खेती की जमीन खरीदी थी। इसी जमीन पर अशोक खरात की बुरी नजर थी। उसने इस जमीन को हथियाने के लिए एक बेहद खतरनाक और शातिर प्लान बनाया। उसने परिवार को विश्वास दिलाना शुरू किया कि उनकी यह जमीन 'शापित' है और अगर उन्होंने इसे नहीं छोड़ा, तो पूरे परिवार का सर्वनाश हो जाएगा। उस वक्त किसी को अंदाजा भी नहीं था कि भक्ति का चोला ओढ़कर बैठा यह शख्स कितना बड़ा अपराधी हो सकता है।

बेटी की मौत और खौफ का खेल

साजिश के बीच ही परिवार की एक जवान बेटी की अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना को अशोक खरात ने अपने हक में इस्तेमाल किया। उसने डरे हुए परिवार को धमकी दी कि अगर फौरन जमीन नहीं बेची, तो घर के दो और सदस्य मार दिए जाएंगे। अपनी जान बचाने के लिए वह परिवार इतना डर गया कि जिस जमीन को उन्होंने 16 लाख में खरीदा था, उसे साल 2003 में अशोक खरात और उसकी पत्नी कल्पना खरात के नाम पर सिर्फ 4 लाख रुपये में कर दिया। इस तरह करोड़ों की जमीन को उसने महज कुछ लाख में हड़प लिया।

मंदिर की आड़ में बनाया अवैध साम्राज्य

जमीन कब्जाने के बाद अशोक खरात ने वहां ईशान्येश्वर महादेव मंदिर का निर्माण करवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसने मंदिर इसलिए बनवाया ताकि कोई उसकी नीयत पर शक न करे और धर्म की आड़ में उसका विरोध रुक जाए। आरोप यह भी है कि उसने बड़े अधिकारियों के साथ मिलकर न केवल गरीब किसानों को डराया, बल्कि सरकारी टैक्स की भी चोरी की। आज वही मंदिर उसके अवैध साम्राज्य का केंद्र बना हुआ है, जिसे उसने डर और धमकियों की बुनियाद पर खड़ा किया था।

एसआईटी की जांच में खुलेंगे और भी राज

फिलहाल अशोक खरात पुलिस की गिरफ्त में है और एसआईटी की टीम उसके हर एक लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है। मीरगांव के इस पीड़ित परिवार ने अब अपनी आपबीती सुनाई है, जिससे खरात की मुश्किलें और बढ़नी तय हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस जमीन घोटाले में उसके साथ और कौन-कौन से सफेदपोश लोग शामिल थे। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, नासिक के इस भोंदूबाबा के ऐसे कई और डरावने सच सामने आने की उम्मीद है।

Navbharat Live
navbharatlive.com