महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने नासिक सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों की समीक्षा, AI तकनीक पर दिया जोर
Nashik Trimbakeshwar Kumbh: राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले की समीक्षा बैठक में AI तकनीक के उपयोग और समय सीमा में विकास कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
- Written By: आकाश मसने
नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक लेते महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा (सोर्स: एक्स@maha_governor)
Nashik Simhastha Kumbh Preparations: नासिक-त्र्यंबकेश्वर में अगले वर्ष आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों और जिला प्रशासन तथा कुंभ मेला विकास प्राधिकरण द्वारा किए गए व्यापक नियोजन की महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुंभ मेले के लिए की जा रही सुनियोजित तैयारियां नासिक की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई प्रदान करेंगी।
AI तकनीक का होगा उपयोग
महाराष्ट्र के राज्यपाल ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला विकास प्राधिकरण के मुख्यालय में आयोजित बैठक में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा हुई। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि कुंभ मेले की प्रभावी योजना से आगामी आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और अविस्मरणीय बनेगा तथा नासिक-त्र्यंबकेश्वर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान विश्व स्तर पर और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इतने विशाल आयोजन के सफल संचालन के लिए AI तकनीक का अधिकाधिक उपयोग किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि 12 वर्षों में एक बार होने वाले कुंभ मेले की जानकारी अब सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से लोगों तक पहुंच रही है, जिससे इस बार देश-विदेश से श्रद्धालुओं की संख्या पहले की तुलना में अधिक रहने की संभावना है। साथ ही आयोजन वर्षा ऋतु में होने के कारण प्रशासन के सामने विशेष चुनौतियां होंगी। ऐसे में स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होगा।
सम्बंधित ख़बरें
मुक्तिपथ समिति का बड़ा फैसला, गड़चिरोली में अवैध शराब और तंबाकू बिक्री पर शिकंजा
किसान कर्जमाफी घोटाला! 2 लाख की ऋणमाफी के नाम पर माफ हुए 95 हजार, किसानों में नाराजगी
Gondia News: सौंदड़ ग्राम पंचायत जांच में देरी, जिला परिषद के 7 दिन के आदेश पर 50 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
Amravati News: समय पर सूचना नहीं देने पर अधिकारी पर कार्रवाई, राज्य सूचना आयुक्त ने लगाया दंड
Divisional Commissioner and Chairman of Nashik – Trimbakeshwar Kumbh Mela Authority Dr. Praveen Gedam, Police Commissioner Dr. Sandeep Karnik, Special Inspector General of Police of Nashik Range Sanjay Ainapure and Authority Commissioner Shekhar Singh were present. pic.twitter.com/fWJijUQcnR — Governor of Maharashtra (@maha_governor) July 28, 2026
प्रयागराज महाकुंभ के मॉडल का होगा इस्तेमाल
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने प्रयागराज महाकुंभ के अनुभवों से सीख लेते हुए और अधिक व्यापक तैयारी करने का सुझाव दिया। उन्होंने त्र्यंबकेश्वर में प्रस्तावित विकास कार्यों के नियोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर श्रद्धालुओं के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित कर रही है। इन सभी परियोजनाओं को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की संभावित भारी संख्या को देखते हुए सूक्ष्म स्तर पर योजना बनाई जाए तथा दीर्घकालिक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। आवश्यकतानुसार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जाए, ताकि आयोजन अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।
शीर्ष अधिकारियों की उपस्थिति में हुई विस्तृत समीक्षा
नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला विकास प्राधिकरण के मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं संभागीय आयुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम, पुलिस आयुक्त डॉ. संदीप कर्णिक, नासिक परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक संजय ऐनापुरे, प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह, नासिक महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के आयुक्त जलज शर्मा, मनपा आयुक्त मनीषा खत्री, जिलाधिकारी आयुष प्रसाद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमकार पवार, लोक निर्माण विभाग की मुख्य अभियंता अरुंधती शर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. डी एस स्वामी, अतिरिक्त आयुक्त कमलाकर रणदिवे, उप आयुक्त (योजना) योगेंद्र चौधरी, त्र्यंबक नगर परिषद के मुख्याधिकारी गोविंद जाधव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र कैबिनेट के 8 बड़े फैसले! जिलों में बनेंगे स्पेशल कोर्ट, मुंबई लोकल को मिला बूस्टर, देखें पूरी लिस्ट
बैठक में प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण गेडाम और आयुक्त शेखर सिंह ने कुंभ मेले से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। वहीं, मनपा आयुक्त मनीषा खत्री ने रामकाल पथ, मल-निकासी परियोजना तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत की।
