नासिक में झमाझम बारिश; किसानों को मिली राहत पर शहर में जलभराव से यातायात प्रभावित
Nashik Heavy Rain: नासिक में झमाझम बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली। शहर के कई इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में बांधों और खेती को लाभ मिलने की उम्मीद है।
- Written By: आलोक उमाकृष्ण
नासिक में झमाझम बारिश (फोटो नवभारत)
Nashik Heavy Rain Farmers Relief: राज्य में मानसून के दस्तक देने के बावजूद कई शहरों में अब तक अच्छी बारिश नहीं हुई थी, जिससे किसानों की बुआई प्रभावित हो रही थी और वे चिंताग्रस्त थे। पिछले सप्ताह शहर के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन उसके बाद मौसम शुष्क बना हुआ था।
इसी बीच, रविवार दोपहर करीब 4 बजे शहर के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हुई। दोपहर के समय अचानक आई इस बारिश के कारण जहां एक ओर नासिकवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर खेती के रुके हुए कार्यों को गति मिलने की उम्मीद से किसान बेहद खुश हैं।
शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या
बारिश का असर शहर की सड़कों पर भी देखने को मिला। सीबीएस, मेहेर चौक, सारडा सर्कल, मुंबई नाका सहित कई प्रमुख इलाकों में कुछ ही देर की बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई। निचले क्षेत्रों में पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा और कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।
सम्बंधित ख़बरें
आमने से दक्षिण मुंबई सिर्फ 1 घंटे में,16.69 Km लिंक रोड को मिली नई दिशा, MSRDC ने राज्य सरकार को भेजा प्रस्ताव
IMD Mumbai: थमेगी मुंबई की रफ्तार! अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
FAIMA; महाराष्ट्र में मरीजों का इलाज करते-करते खुद बीमार पड़ रहे डॉक्टर,16.5% के मन में आए आत्म-हानि के विचार
ठाणे-पालघर जिला बैंक चुनाव में शिवसेना का दबदबा, रंग लाई शिंदे की रणनीति, BJP समर्थित पैनल को की हुई करारी हार
अचानक शुरू हुई बारिश से पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। कई राहगीरों ने पान की दुकानों, बस स्टॉप और अन्य शेड के नीचे रुककर बारिश थमने का इंतजार किया। हालांकि तेज बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।
यह भी पढ़ः- ‘मिशन दुर्गा’ से महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का मंत्र, मीरा रोड में हुआ विशाल सखी सम्मेलन
ग्रामीण क्षेत्रों में भी सक्रिय मानसून
शहर में एक सप्ताह के अंतराल के बाद अच्छी बारिश दर्ज हुई, जबकि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मानसून पहले से ही सक्रिय बना हुआ है। त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी, दिंडोरी और पेठ तालुका में लगातार अच्छी वर्षा होने से खेतों में पर्याप्त नमी बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी।
वहीं, लगातार हो रही वर्षा से जिले के प्रमुख बांधों और जलाशयों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे आने वाले दिनों में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई है।
