कहाँ से आए तुम…नागपुर में बादलों की मेहरबानी, शाम की बारिश से उमस भरी गर्मी से मिली राहत
Nagpur Weather: नागपुर में हल्की बारिश और बूंदाबांदी से उमसभरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 2 जुलाई तक इसी तरह के मौसम और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर में बारिश (सोर्सः AI फोटो)
Nagpur Monsoon News: लगातार तीन-चार दिनों तक बादलों की बेरुखी झेलने के बाद सोमवार को आखिरकार नागपुरवासियों को बारिश की राहत मिली। सुबह तेज धूप और उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और शाम होते-होते बादल शहर पर मेहरबान हो गए।
करीब शाम 5 बजे हल्की बारिश शुरू हुई, जो बीच-बीच में बूंदाबांदी के रूप में लगभग डेढ़ से दो घंटे तक जारी रही। इस बारिश ने पूरे शहर के मौसम को सुहाना बना दिया और उमस से बेहाल लोगों को काफी राहत मिली।
दिनभर तेज धूप के कारण वातावरण में गर्मी और नमी बनी हुई थी। लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही शाम को आसमान में घने बादल छाए और फुहारें शुरू हुईं, शहर के कई इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। बारिश भले ही तेज नहीं थी, लेकिन लगातार होती बूंदाबांदी ने तापमान के असर को कम कर दिया और वातावरण में ठंडक घोल दी।
सम्बंधित ख़बरें
यवतमाल के स्कूलों में आज होगा प्रवेशोत्सव, 78 अधिकारी करेंगे निरिक्षण
IMD का बड़ा अलर्ट! यूपी, राजस्थान समेत इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, जानें पूरा अपडेट
Maharashtra Weather: आज राज्य के 21 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल?
कचरा ढोने वाली गाड़ी से ले जाया गया शव, जलगांव के अमलनेर की शर्मनाक घटना; देखें झकझोर देने वाला वायरल VIDEO
7.8 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात 8.30 बजे तक नागपुर में 7.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह बारिश प्री-मानसूनी उमस से राहत देने वाली साबित हुई। हालांकि तेज वर्षा नहीं हुई, लेकिन लगातार हुई हल्की बारिश ने मौसम को काफी हद तक आरामदायक बना दिया।
तापमान सामान्य से ऊपर
बारिश के बावजूद दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में बड़ी गिरावट नहीं आई, लेकिन बारिश के कारण वातावरण में महसूस होने वाली गर्मी काफी कम हो गई।
2 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 2 जुलाई तक नागपुर में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा। इस दौरान लगभग प्रतिदिन एक से दो दौर की हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे और कभी-कभी हल्की वर्षा भी हो सकती है।
तापमान रहेगा नियंत्रित
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हल्की बारिश के चलते उमस में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलती रहेगी।
यह भी पढ़ें:- Maharashtra Weather: आज राज्य के 21 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल?
लगातार बदलते मौसम के बीच अब शहरवासियों की नजरें अच्छी और लगातार मानसूनी बारिश पर टिकी हैं। यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो जुलाई के पहले सप्ताह में नागपुर में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आने तथा उमस से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है।
