विजय वडेट्टीवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Vijay Wadettiwar On Union Budget 2026: केंद्रीय बजट के पेश होने के बाद राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के दिग्गज नेता विजय वडेट्टीवार ने बजट को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। रविवार को नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए वडेट्टीवार ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस बजट ने एक बार फिर महाराष्ट्र के “हाथ खाली” रखे हैं।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र राष्ट्रीय खजाने में सबसे बड़ा योगदान देने वाला राज्य है और देश की जीडीपी का प्रमुख आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महाराष्ट्र से भारी मात्रा में कर (Tax) वसूलती है, लेकिन जब विकास कार्यों के लिए धनराशि देने की बात आती है, तो यह पैसा अन्य राज्यों को बांट दिया जाता है। यह राज्य की जनता के साथ सरासर अन्याय और धोखा है।
कृषि क्षेत्र पर केंद्रीय बजट के प्रावधानों को लेकर वडेट्टीवार ने कहा कि किसानों को एक बार फिर बेसहारा छोड़ दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि फसल की सही कीमत, कोल्ड स्टोरेज की सुविधा और नए बाजारों के लिए कोई ठोस रोडमैप क्यों नहीं है? उनके अनुसार खाद की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। खेती की लागत में भारी इजाफा हुआ है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का मुद्दा अब भी अनसुलझा है। युवाओं के लिए रोजगार सृजन की कोई स्पष्ट नीति नहीं है।
यह भी पढ़ें:- Budget 2026: मुंबई-पुणे-हैदराबाद के बीच दौड़ेगी हाई-स्पीड ट्रेन, महाराष्ट्र के लिए बजट में हुई ये बड़ी घोषणाएं
सरकार के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)’ के दावों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में AI के लिए पहले घोषित किए गए 500 करोड़ रुपये का अब तक इस्तेमाल नहीं हुआ है, तो फिर नई घोषणाओं का क्या आधार है? उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट केवल कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाया गया है, जबकि देश का ‘अन्नदाता’ और मध्यम वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है।