Nagpur: परमवीर चक्र विजेताओं को समर्पित ‘वंदे मातरम्’ उद्यान का लोकार्पण, CM फडणवीस ने किया उद्घाटन
Vande Mataram Udyan Nagpur: नागपुर में परमवीर चक्र विजेताओं को समर्पित ‘वंदे मातरम्’ उद्यान का लोकार्पण CM देवेंद्र फडणवीस ने किया, भांडेवाड़ी मछली बाजार का ई-भूमिपूजन भी।
- Written By: प्रिया जैस
‘वंदे मातरम्’ उद्यान का लोकार्पण (सौजन्य-नवभारत)
Param Vir Chakra Garden: देश की रक्षा के लिए शौर्य दिखाने वाले परमवीर चक्र विजेताओं को समर्पित, बजरिया क्षेत्र में एम्प्रेस मॉल के सामने मनपा द्वारा निर्मित ‘वंदे मातरम्’ उद्यान का लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया। साथ ही भांडेवाड़ी में बनने वाले मछली बाजार का ई-भूमिपूजन भी गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मत्स्य व्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नीतेश राणे, विधायक कृष्णा खोपड़े, प्रवीण दटके, राज्य के पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय विकास एवं मत्स्य व्यवसाय विभाग के सचिव डॉ. रामस्वामी एन., मनपा आयुक्त अभिजीत चौधरी, भाजपा अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शौर्य और क्रांति का प्रतीक: फडणवीस
फडणवीस ने कहा कि इस कार्यक्रम में ‘विकास और विरासत’ दोनों का संगम देखने को मिल रहा है। ‘वंदे मातरम्’ उद्यान हमारी विरासत है, जबकि जल्द ही बनने वाला मछली बाजार हमारे विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ उद्यान नागपुर शहर के लिए एक सुंदर भेंट है। जब बंकिम चंद्र चटर्जी ने ‘वंदे मातरम्’ गीत लिखा, तो यह स्वतंत्रता संग्राम में उतरने वाले सभी के लिए महामंत्र बन गया।
सम्बंधित ख़बरें
Kandivali MNS Workers Assault: राज ठाकरे पर टिप्पणी करने वाले युवक की पिटाई, वीडियो वायरल
Bhiwandi Municipal Corporation में स्वीकृत नगरसेवकों पर सस्पेंस, 3 महीने बाद भी नहीं हुआ मनोनयन
SCLR Phase-2 में बड़ी उपलब्धि: BKC-वाकोला आर्म पूरा, मुंबई को मिलेगा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर
Sanpada Underpass Project: 440 पेड़ों पर असर, IIT मुंबई से मांगी वैकल्पिक योजना
फांसी पर जाते समय भी क्रांतिकारी अपनी मातृभूमि को नमन करते हुए ‘वंदे मातरम्’ कहते थे। आज ‘वंदे मातरम्’ को 150 वर्ष पूरे होने पर नागपुर शहर में एक सुंदर ‘वंदे मातरम्’ उद्यान का लोकार्पण हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उद्यान कई लोगों के लिए प्रेरणा उद्यान बनेगा और घोषणा की कि राज्य सरकार इस उद्यान में प्रोजेक्शन मैपिंग के लिए सहायता करेगी।
आधुनिक मछली बाजार
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भांडेवाड़ी में बनने वाले अत्याधुनिक मछली बाजार से विक्रेताओं और खरीदारों, दोनों को लाभ होगा।
मछली बाजार आधुनिकता का संगम: राणे
मंत्री नीतेश राणे ने मुख्यमंत्री फडणवीस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नागपुर में 18 प्रकार की नागरिक सुविधाओं के साथ एक गुणवत्तापूर्ण मछली बाजार भी बनना चाहिए, इसी दृष्टि से हमने कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केंद्र सरकार, राज्य सरकार और महानगर पालिका द्वारा मिलकर पूरी की जाएगी और यह ऐसा बाजार बनेगा जिस पर मुख्यमंत्री को निश्चित रूप से गर्व होगा।
यह भी पढ़ें – नागपुर में RSS बौद्धिक कार्यक्रम, CM फडणवीस और शिंदे समेत NDA विधायक शामिल; NCP को नहीं मिला न्योता
‘वंदे मातरम्’ उद्यान की विशेषताएं
- नागपुर महानगर पालिका ने 19,910 वर्ग मीटर क्षेत्र में ‘वंदे मातरम्’ उद्यान का निर्माण किया है, जो राष्ट्ररक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 21 परमवीर चक्र विजेताओं के शौर्य को सलाम करता है।
- उद्यान में सभी विजेताओं के भित्ति चित्र (म्यूरल) स्थापित किए गए हैं और उनकी शौर्य गाथा को शिलालेखों पर शब्दबद्ध किया गया है।
- उद्यान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति के संस्कार डालना है।
- उद्यान का प्रवेश द्वार दिल्ली के इंडिया गेट की प्रतीकात्मक प्रतिकृति है।
- इसमें अमर जवान ज्योति स्थापित की गई है।
- खुला रंगमंच नागपुर जिले के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए शहीदों को समर्पित है।
- हिंदुस्तानी लाल सेना की जानकारी, लाल सेना के 133 स्वतंत्रता सेनानियों के नाम और नागपुर जिले के 98 शहीदों के नाम उत्कीर्ण हैं।
- उद्यान पूर्व महापौर दयाशंकर तिवारी की संकल्पना से स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में साकार किया गया।
मुख्यमंत्री ने गाया ‘वंदे मातरम्’
कार्यक्रम के समापन पर जब सभी गणमान्य व्यक्ति प्रस्थान करने वाले थे कि तभी ‘वंदे मातरम्’ गीत शुरू हुआ। गीत सुनते ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सम्मान में खड़े हो गए और मनपा स्कूल के शिक्षकों के दल के साथ बड़े उत्साह के साथ ‘वंदे मातरम्’ गाना शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री को पूरा गीत याद था, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण बन गया।
