टमाटर के तीखे तेवर हुए नरम! 60 रूपए से घटकर 20 रूपए किलो पर आया दाम; नागपुर के आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

Nagpur Tomato Prices: नागपुर में टमाटर की आवक बढ़ने से कीमत 60 रुपये से घटकर 20 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं कम आवक के कारण चौलाई फल्ली के दाम 120 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
Tomato prices cool down! Rates drop from ₹60 to ₹20 per kg; major relief for ordinary consumers in Nagpur.
(सोर्स: नवभारत डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Tomato Prices Vegetable Market: नागपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से आसमान छू रहे टमाटर के दामों से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। बाजार में टमाटर की आवक सामान्य हो जाने के कारण इसके दामों में गिरावट दर्ज की गई। तीन दिन पहले तक जो टमाटर चिल्लर बाजार में 50 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, वह अब घटकर 20 रुपये प्रति किलो पर आ गया है।

थोक बाजार में टमाटर के भाव 10 से 12 रुपये प्रति किलो तक चल रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार बारिश के कारण बेंगलुरु और अन्य बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियां फंस गई थीं, जिससे टमाटर आवक प्रभावित हुई और दाम बढ़ गए थे।

आवक बढ़ने से टमाटर सस्ता, चौलाई फल्ली के दाम में बड़ा उछाल

वर्तमान में नागपुर में रोजाना करीब 20 से 22 गाड़ियां कलमना और अन्य बाजारों को मिलाकर पहुंच रही हैं, जो स्थानीय मांग के लिहाज से पर्याप्त है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि टमाटर के दाम पूरी तरह आवक पर निर्भर करते हैं।

इसलिए आने वाले दिनों में इसमें दोबारा उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है। दूसरी ओर बारिश के इस सीजन में चौलाई फल्ली के दामों में अचानक बड़ा उछाल आया है।

आमतौर पर 25 से 30 रुपये किलो बिकने वाली चौलाई फल्ली कम आवक के कारण 70 से 80 प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि कुछ जगहों पर यह 100 से 120 रुपये तक भी बेची जा रही है। इसके विपरीत अन्य हरी सब्जियों जैसे फूलगोभी 30 और शिमला मिर्च 40 से 50 रुपये प्रति किलो के सामान्य स्तर पर बनी हुई है।

बारिश में गाड़ियां फंसने से बढ़ गए थे दाम

महात्मा फुले सब्जी एवं फल आढ़तिया एसोसिएशन के सचिव राम महाजन ने कहा कि टमाटर लेकर आ रहीं गाड़ियां बारिश के कारण मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहीं थी, जिससे आवक घटी और दाम बढ़ गए थे। अब आवक में सुाबर हो गया है। इसलिए टमाटर सस्ता हुआ है। चौलाई फल्ली के दाम इतने नहीं बढ़ते हैं लेकिन इस बार 100 से 120 रुपये तक पहुंच गए है।

Navbharat Live
navbharatlive.com