वृद्धा को जंगल में घसीट ले गया बाघ, भाईदूज पर भाई के घर झिंजेरिया आई थी महिला

Tiger Attack: रामटेक तहसील के झिंजेरिया गांव में कपास तोड़ रही वृद्धा पर बाघ ने हमला कर उसे जंगल में घसीटकर ले गया। महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वृद्धा को जंगल में घसीट ले गया बाघ
वृद्धा को जंगल में घसीट ले गया बाघ
Published on: 
Updated on: 

Ramtek Tiger Sighting: रामटेक तहसील के देवलापार क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। झिंजेरिया गांव के पास खेत में कपास तोड़ रही एक वृद्ध महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया और उसे जंगल की ओर घसीट ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहडोंगरी निवासी विमला काशीनाथ इनवाते (67) भाईदूज के अवसर पर अपने भाई दिनकर कुमरे के घर झिंजेरिया गांव आई थीं। मंगलवार, 28 अक्टूबर की सुबह करीब 9:10 बजे वे खेत में कपास बीन रही थीं, तभी पास के जंगल से निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें कंपार्टमेंट नंबर 581 में घसीटकर ले गया।

पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। वृद्धा का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रामटेक उपजिला अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। किसानों में भय व्याप्त है, क्योंकि धान की कटाई के मौसम में खेतों के आसपास बाघ की बढ़ती आवाजाही से चिंता बढ़ गई है।

चंद्रपुर में बाघ के हमले में दो लोगों की मौत

बता दें कि चंद्रपुर जिले की गोंडपिपरी तहसील में बाघ के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना को लेकर किसानों में गहरा असंतोष है। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने गोंडपिपरी के ढाबा कॉर्नर के पास चंद्रपुर-अहेरी राज्य राजमार्ग को सुबह 8 बजे से जाम कर दिया। और पूरा बाजार पूरी तरह से बंद रहा।

आंदोलनकारियों ने टायर जलाकर, नारेबाजी कर और धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। राज्य राजमार्ग लगभग 9 घंटे तक ठप रहा। आंदोलन के हिंसक होने पर पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। अंततः किसानों की मांगें मान ली गईं। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया।