बाघ की तलाश में निकले क्रिकेट के शेर, पेंच नेशनल पार्क में कप्तान सूर्या समेत इन प्लेयर्स ने लिया सफारी का मजा

Team India Pench visit: न्यूजीलैंड सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने पेंच टाइगर रिजर्व में सफारी का लुत्फ उठाया। उनके साथ कई और खिलाड़ी भी मौजूद रहे।
Team India Pench National Park Safari
पेंच नेशनल पार्क में सफारी के करते कप्तान सूर्यकुमार यादव व अन्य खिलाड़ी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Team India Pench National Park Safari: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी टी20 सीरीज के आगाज से पहले भारतीय क्रिकेट सितारे सुकून के पल बिताते नजर आए। नागपुर पहुंचने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सोमवार सुबह महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पेंच नेशनल पार्क में रोमांचक वाइल्डलाइफ सफारी की।

मैदान की जंग से पहले प्रकृति की गोद में टीम इंडिया

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव अपने साथियों के साथ इन दिनों क्रिकेट के मैदान से दूर वन्यजीवों की दुनिया को करीब से देख रहे हैं। सोमवार तड़के करीब 6 बजे सूर्या ने संजू सैमसन, ईशान किशन, रिंकू सिंह और स्पिनर रवि बिश्नोई के साथ पेंच नेशनल पार्क के तुरिया गेट से जंगल में प्रवेश किया। खिलाड़ियों का यह दल रविवार रात को ही पेंच पहुंच गया था, जहां उन्होंने 'साज इन द रिजॉर्ट' में रात्रि विश्राम किया। सुबह की पहली किरण के साथ ही ये सितारे खुली जीप में सवार होकर बाघों के दीदार के लिए निकल पड़े।

फैंस और गाइड्स में दिखा जबरदस्त उत्साह

जैसे ही सफारी के दौरान पर्यटकों और फॉरेस्ट गाइड्स को पता चला कि उनके बीच भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार्स मौजूद हैं, वहां उत्साह का माहौल बन गया। वन्यजीवों को कैमरे में कैद करने आए टूरिस्ट्स अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को देख रोमांचित हो उठे। सफारी के दौरान और उसके बाद भी खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने की होड़ मची रही। इस दौरान वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर वरुण ठक्कर और रिजॉर्ट के जीएम सौरभ सिंह भी टीम के साथ मौजूद रहे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और नागपुर रवानगी

पेंच की वादियों में करीब साढे़ पांच घंटे बिताने के बाद सुबह 11:30 बजे खिलाड़ियों का जत्था सफारी खत्म कर वापस लौटा। इसके तुरंत बाद सभी खिलाड़ी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से नागपुर के लिए रवाना हो गए।

न्यूजीलैंड सीरीज पर है नजरें

बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 जनवरी को टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है। सीरीज शुरू होने से तीन दिन पहले खिलाड़ियों का इस तरह से रिलैक्स होना उनके मानसिक स्वास्थ्य और टीम बॉन्डिंग के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। अब फैंस को उम्मीद है कि पेंच के जंगल की ये ताजगी मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी नजर आएगी।