स्पेशल ट्रेने (फाइल फोटो)
Nagpur Special Train: त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल नागपुर मंडल द्वारा पुणे और समस्तीपुर के लिए विशेष सुपरफास्ट गाड़ियों का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। इन गाड़ियों से यात्रियों को आगामी पूजा, दिवाली और छठ पर्व पर यात्रा की सुविधा मिलेगी। सभी गाड़ियां पूर्णत: आरक्षित होंगी और इनका किराया विशेष दर (सामान्य किराये का 1.3 गुना) लिया जाएगा।
गाड़ी संख्या 01209 नागपुर–पुणे प्रत्येक शनिवार रात 19.40 बजे नागपुर से प्रस्थान करेगी और रविवार 11.25 बजे पुणे पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 01210 पुणे–नागपुर प्रत्येक रविवार 15.50 बजे पुणे से चलेगी और सोमवार सुबह 6.30 बजे नागपुर पहुंचेगी। यह विशेष गाड़ी नागपुर से 27 सितंबर से 29 नवंबर तक कुल 10 ट्रिप्स तथा पुणे से 28 सितंबर से 30 नवंबर तक कुल 10 ट्रिप्स चलेगी।
गाड़ी संख्या 01207 नागपुर–समस्तीपुर प्रत्येक बुधवार सुबह 10.40 बजे नागपुर से प्रस्थान करेगी और गुरुवार रात 21.30 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 01208 समस्तीपुर–नागपुर प्रत्येक गुरुवार रात 23.45 बजे समस्तीपुर से चलेगी और शनिवार सुबह 7 बजे नागपुर पहुंचेगी। यह विशेष गाड़ी नागपुर से 24 सितंबर से 26 नवंबर तक कुल 10 ट्रिप्स तथा समस्तीपुर से 25 सितंबर से 27 नवंबर तक कुल 10 ट्रिप्स चलेगी।
यह भी पढ़ें – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘राष्ट्र नेता’! राजस्व विभाग का आदेश, जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा का आयोजन
मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा द्वारा नागपुर के 1 रेल कर्मी समेत जोन के 10 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें मुंबई मंडल के 6, सोलापुर मंडल के 2 एवं पुणे मंडल के 1-1 कर्मचारी भी शामिल रहे। ये संरक्षा पुरस्कार संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान सतर्कता, अप्रिय घटनाओं को रोकने में उनके योगदान और पिछले महीनों के दौरान ट्रेन संचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किए गए। प्रत्येक पुरस्कार में एक पदक, प्रशंसा प्रमाणपत्र, अनुकरणीय संरक्षा कार्य के लिए एक प्रशस्तिपत्र और ₹2,000 रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है।
मध्य रेल नागपुर मंडल के पॉइंट्स मैन नीलेश ने ड्यूटी पर रहते हुए एक मालगाड़ी के साथ सिग्नल एक्सचेंज के दौरान एक वैगन में हॉट एक्सल देखा। उन्होंने तुरंत लाल झंडी दिखाई और स्टेशन मास्टर को सूचित किया। उनकी सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल गई। उनके अलावा मुंबई मंडल के मोटर मैन एन प्रसाद, ट्रेन मैनेजर गंगेश कुमार, ट्रैक मेंटेनर विनोद कालू म्हात्रे व नरेश वसंत घारे, राम अनंत मुने के अलावा इलेक्ट्रिकल सिग्नल मेंटेनर (ईएसएम) विशाल बंसोड़े को पुरस्कृत किया गया।
वहीं सोलापुर मंडल के टेक्निशियन (टीआरडी) मनीष कुमार और विकास कुमार पंडित, जबकि पुणे मंडल के विश्वामित्र कुमार यादव को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी चंद्रकिशोर प्रसाद, अन्य प्रमुख विभागाध्यक्ष और मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।