

AI छोटे कारोबारियों के लिए है तरक्की का नया साधन बन रहा है।
छोटे कारोबारियों को महंगे AI सॉफ्टवेयर खरीदने की जरूरत नहीं है।
चैटबॉट और ऑटोमेशन टूल्स की मदद से रोजमर्रा के सामान्य कामों को ऑटोमेट कर सकते हैं।
Small Business Digital Growth: आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। बड़ी कंपनियों से लेकर स्टार्टअप तक इसका लाभ उठा रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या AI देश के छोटे कारोबारियों के लिए भी तरक्की का प्रभावी साधन बन सकता है? क्या यह उनकी रोजमर्रा की परेशानियां कम करके कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है?
मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे शहरों के बाजारों में किराना दुकानों, कपड़ों के प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटरों और छोटी विनिर्माण इकाइयों की बड़ी संख्या है। इन कारोबारों की ताकत अनुभव, मेहनत और ग्राहकों के साथ बना भरोसा है। लेकिन बिक्री, स्टॉक, हिसाब-किताब, प्रचार और ग्राहक सेवा जैसी कई जिम्मेदारियां भी इन्हीं कारोबारियों को संभालनी पड़ती हैं। ऐसे में AI एक उपयोगी सहायक बन सकता है, जो कुछ नियमित काम आसान करके कारोबारियों को अपने ग्राहकों और कारोबार के विस्तार पर अधिक ध्यान देने का अवसर दे।
बड़ी कंपनियों में मार्केटिंग, वित्त और ग्राहक सेवा के लिए अलग-अलग टीमें होती हैं, जबकि छोटे कारोबारों में अक्सर यही काम एक या दो लोग संभालते हैं। उदाहरण के लिए, किसी कोचिंग सेंटर में फीस, कक्षाओं के समय, पाठ्यक्रम और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े सवाल बार-बार पूछे जाते हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित चैटबॉट इन सामान्य सवालों के जवाब देने और पूछताछ दर्ज करने में मदद कर सकता है। इससे कर्मचारियों का समय बच सकता है। हालांकि, प्रवेश की पुष्टि और विशेष मामलों में मानवीय सहायता जरूरी रहेगी।
किराना दुकान: बिक्री और स्टॉक के आंकड़ों से ज्यादा मांग वाली वस्तुओं की पहचान करने और दोबारा सामान मंगाने की योजना बनाने में मदद मिल सकती है।
कपड़ों का कारोबार: पिछले बिक्री रिकॉर्ड और मौसमी मांग का विश्लेषण करके खरीदारी की बेहतर योजना बनाई जा सकती है।
रेस्टोरेंट: मेन्यू का विवरण, सोशल मीडिया पोस्ट और ग्राहकों के सामान्य सवालों के जवाब तैयार करने में AI उपयोगी हो सकता है।
कोचिंग सेंटर: प्रवेश संबंधी पूछताछ व्यवस्थित करने और नियमित संदेश तैयार करने में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
छोटी विनिर्माण इकाई: ऑर्डर, उपलब्ध स्टॉक और डिलीवरी से जुड़ी जानकारी को व्यवस्थित करने में डिजिटल उपकरण मदद कर सकते हैं।
टेक्निकल आर्किटेक्ट और आईटी प्रोफेशनल रोहित कडू के अनुसार, तकनीक का चुनाव कारोबार की वास्तविक जरूरत और बजट को ध्यान में रखकर करना चाहिए। यदि किसी किराना दुकानदार को बिक्री और स्टॉक का हिसाब रखने में परेशानी है, तो सामान्य बिलिंग और इन्वेंटरी सॉफ्टवेयर ही पर्याप्त हो सकता है। इसके लिए महंगा AI समाधान खरीदना जरूरी नहीं है।
दूसरी ओर, किसी प्रशिक्षण संस्थान में रोज बड़ी संख्या में पूछताछ आती हैं, तो AI आधारित सहायक सामान्य सवालों के जवाब देने, पूछताछ को वर्गीकृत करने और जरूरी जानकारी कर्मचारियों तक पहुंचाने में मदद कर सकता है।
यह समझना भी जरूरी है कि हर ऑटोमेशन उपकरण AI नहीं होता। कुछ सॉफ्टवेयर तय नियमों के अनुसार काम करते हैं, जबकि AI आधारित उपकरण सामग्री तैयार करने, भाषा समझने और आंकड़ों का विश्लेषण करने जैसे काम कर सकते हैं। इसलिए कोई भी समाधान अपनाने से पहले उसकी उपयोगिता, लागत और मौजूदा व्यवस्था के साथ उसकी अनुकूलता पर विचार करना चाहिए।
AI की मदद से छोटे कारोबारी प्रचार सामग्री और उत्पादों का विवरण तैयार कर सकते हैं, ग्राहकों के सामान्य सवालों के जवाब व्यवस्थित कर सकते हैं और बिक्री के आंकड़ों का विश्लेषण कर सकते हैं। इससे कुछ नियमित कामों में लगने वाला समय कम हो सकता है। हालांकि, AI से मिलने वाले परिणाम हमेशा सटीक हों, यह जरूरी नहीं है।
बिक्री के अनुमान गलत हो सकते हैं और तैयार की गई जानकारी में त्रुटियां भी हो सकती हैं। इसलिए महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले परिणामों की जांच करना आवश्यक है। ग्राहकों की निजी जानकारी, भुगतान विवरण और कारोबार के गोपनीय आंकड़ों की सुरक्षा भी अहम है। किसी डिजिटल सेवा का इस्तेमाल करने से पहले उसकी गोपनीयता नीति और डेटा के उपयोग संबंधी शर्तों को समझना चाहिए।
छोटे कारोबारियों को AI अपनाने के लिए अपनी पूरी कार्यप्रणाली बदलने की जरूरत नहीं है। वे शुरुआत किसी एक काम से कर सकते हैं, जैसे प्रचार सामग्री तैयार करना, ग्राहकों के सामान्य सवालों के जवाब देना या बिक्री के आंकड़ों को समझना।
इसके बाद यह आकलन किया जा सकता है कि उपकरण से कितना समय बचा, खर्च कितना हुआ और काम में कितना सुधार आया। यदि किसी समाधान से वास्तविक लाभ मिलता है, तो उसका दायरा बढ़ाया जा सकता है। वहीं, जहां साधारण डिजिटल सॉफ्टवेयर पर्याप्त है, वहां अनावश्यक रूप से महंगे AI उपकरण खरीदने से बचना चाहिए।
छोटे कारोबारों की सबसे बड़ी ताकत उनका अनुभव, स्थानीय बाजार की समझ और ग्राहकों के साथ भरोसेमंद रिश्ता है। AI इन खूबियों का विकल्प नहीं, बल्कि उन्हें मजबूत करने का साधन बन सकता है। छोटे कारोबारियों के लिए AI की असली उपयोगिता तकनीक अपनाने में नहीं, बल्कि सही जरूरत के लिए सही तकनीक को किफायत से इस्तेमाल करने में है।