Nagpur News: सावनेर में विशेष शिविर कल सावनेर, सं.. सावनेर नप क्षेत्र के प्रभाग क्र. 7 अंतर्गत धनगर पुरा, नाइकपुरा, तेलीपुरा, माताखेड़ी, किल्लापुरा, किल्ला परिसर, संत सिताराम महाराज मठ परिसर, पोला मैदान तथा कारोकर चौक क्षेत्र के नागरिकों के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर सोमवार, 9 मार्च को आयोजित किया जाएगा.
शिविर में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत नए घरों की मंजूरी के लिए आवेदन प्रक्रिया, लाभार्थियों का पंजीकरण तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा. इस शिविर में नागरिकों को योजना से संबंधित जानकारी देने के साथसाथ आवश्यक दस्तावेजों की जांच और आवेदन प्रक्रिया में भी सहायता की जाएगी. इसके अलावा लता मंगेशकर हेल्थ कार्ड तथा पदवीधर मतदाता पंजीयन से संबंधित मार्गदर्शन भी नागरिकों को दिया जाएगा.
आवेदन करने के लिए आधार कार्ड मोबाइल नंबर से लिंक, चालू वर्ष का आय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, जमीन से संबंधित दस्तावेज, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक कागजात साथ लाना आवश्यक रहेगा. यह शिविर 9 मार्च की सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रभाग क्रमांक 7, किल्लापुरा, सावनेर में आयोजित किया जाएगा. शिविर का आयोजन नगरसेवक सुभाष भुजाडे, अध्यक्ष संजना मंगले तथा कोकिला जाधव सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं.