नागपुर में मेहरबान हुआ मानसून, दिनभर झमाझम बारिश से मौसम सुहाना; कई इलाकों में जलभराव
Nagpur Weather Update: नागपुर में 30 मिमी बारिश से मौसम सुहाना हो गया और उमस से राहत मिली। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि मौसम विभाग ने 27 जुलाई तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर बारिश, मौसम अपडेट,(नवभारत डिजाइन फोटो)
Nagpur Heavy Rain Alert: नागपुर जिले में आखिरकार मानसून ने जोरदार वापसी कर दी है। मंगलवार को सुबह से शुरू हुई बारिश देर रात तक रुक-रुक कर जारी रही। कभी हल्की फुहारों तो कभी मध्यम और तेज बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया। लगातार बरसात से पिछले कई दिनों से उमसभरी गर्मी से परेशान शहरवासियों को बड़ी राहत मिली। बारिश के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक शहर में 30.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते अधिकतम तापमान गिरकर 26.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले सोमवार को भी दिनभर रिमझिम बारिश होती रही थी, जबकि रात में बारिश का दौर तेज हो गया था। दो दिनों की लगातार वर्षा ने वातावरण में ठंडक घोल दी और लोगों को गर्मी से राहत दिलाई।
दोपहर बाद तेज हुई बारिश
मंगलवार सुबह से शहर के अधिकांश हिस्सों में रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। दोपहर करीब 2 बजे के बाद बादल अचानक सक्रिय हुए और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। कार्यालयों से लौटने वाले लोगों और बाजारों में पहुंचे नागरिकों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं बच्चों और युवाओं ने मौसम का भरपूर आनंद लिया। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पानी भरने से यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
सम्बंधित ख़बरें
साड़ी न दिलाने पर पत्नी की खौफनाक करतूत! बदलापुर में बिस्तर पर पड़े दिव्यांग पति की कुकर से वार कर हत्या
महिलाएं रोमांटिक रिश्ते की वजह से छोड़ रहीं घर, CM देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान, पुरुषों को लेकर कही ये बात
नवभारत संपादकीय: जेन जी का बढ़ता आक्रोश, युवाओं के सवालों से घिरती व्यवस्था
तीसरी मुंबई, मेट्रो से समृद्धि महामार्ग तक, देवेंद्र फडणवीस के वो फैसले जिसने बदली महाराष्ट्र की तस्वीर
कई इलाकों में जलभराव, लोगों की बढ़ी मुश्किलें
लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। उत्तर नागपुर के दीक्षितनगर, कामगारनगर, यशोधरानगर और नारी क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। पश्चिम नागपुर के मानकापुर, फ्रेंड्स कॉलोनी, बोरगांव और गिट्टीखदान में भी जलजमाव की शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा शहर के मध्य, पूर्व और दक्षिण नागपुर के कई हिस्सों में भी सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में कठिनाई हुई।
बारिश के कारण शहर के नालों में जलप्रवाह बढ़ गया, जबकि नाग नदी का जलस्तर भी बढ़ता नजर आया। गोडपुरा क्षेत्र में बारिश और तेज हवाओं के चलते एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर रास्ता साफ किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
27 जुलाई तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि नागपुर और आसपास के जिलों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय बना रहेगा। विभाग के अनुसार 22 और 23 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:-नवभारत संपादकीय: जेन जी का बढ़ता आक्रोश, युवाओं के सवालों से घिरती व्यवस्था
24 और 25 जुलाई को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 26 और 27 जुलाई को भी कुछ इलाकों में वर्षा का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं। लगातार बारिश को देखते हुए नागरिकों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से बचकर निकलने की अपील की गई है।
