

Nagpur Railway Station Crime News: दक्षिण पूर्व मध्य रेल नागपुर मंडल के तहत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेन 12146 पुरी-एलटीटी एक्सप्रेस के वातानुकूलित कोच में सफर कर रहे एक यात्री के 2 बैग से कुल 18.15 किग्रा गांजा जब्त किया गया।
इसकी कुल कीमत 9,07,500 रुपये आंकी गई। आरोपी यात्री का नाम बलदियामाल, जिला कालाहांडी, उडीसा निवासी धर्मेन्द्र मंजिका मेहर (28) बताया गया। आरपीएफ नागपुर अपराध गुप्तचर शाखा की स्पेशल टीम द्वारा उक्त ट्रेन में गुप्त रूप से गश्त की जा रही थी।
जब ट्रेन सालवा से कामठी के बीच से गुजर रही थी तो आरपीएफ सुरक्षाकर्मियों को द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित कोच ए। की बर्थ 48 के नीचे रखे 2 बैग से तीक्ष्ण गंध महसूस हुई। लंबी पूछताछ के बाद उक्त सीट पर बैठे धर्मेन्द्र ने दोनों बैग अपने होना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह काटाभाजी से ट्रेन में सवार हुआ और नाशिक जा रहा है।
इसके बाद ट्रेन के नागपुर स्टेशन के प्लेटफार्म 8 पर धर्मेन्द्र को उसके दोनों बैग के साथ उतारा गया। धान व NDPS पथक द्वारा जांच के बाद दोनों बैग में कुल 18.15 किग्रा गांजे की पुष्टि की गई।
इसकी कुल कीमत 9,07,500 रुपये बताई गई। इसके बाद धर्मेन्द्र को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। टिकट पूछने पर उसने कहा कि वह मोबाइल में रखी ई-टिकट डिलीट कर चुका है लेकिन उसके बताए पीएनआर को टीटीई द्वारा पुष्टि करने पर पता चल गया कि वह अधिकृत टिकट पर नाशिक जा रहा था।
वहां से यह माल लेकर मुंबई में डिलीवर करने वाला था। आरपीएफ ने जब्त माल और आरोपी धर्मेन्द्र को आगे की जांच के लिए लोहमार्ग पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों के माध्यम से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए नागपुर मंडल से गुजरने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों और संवेदनशील स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध यात्रियों व उनके सामान की कड़ी जांच की जा रही है।