नागपुर एयरपोर्ट पर नहीं मिल रही पोर्टर सुविधा, यात्री ही बने कुली; खुद ढोना पड़ रहा भारी सामान

Nagpur Airport Porter Service: नागपुर के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर एयरपोर्ट पर पोर्टर सुविधा न होने से यात्री परेशान हैं। जीएमआर ने जल्द सुविधा शुरू करने का आश्वासन दिया है।
Porter Service To Start At Nagpur Airport
नागपुर एयरपोर्ट पर पोर्टर सुविधा नहीं (प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Porter Service To Start At Nagpur Airport: नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण की मंजूरी मिलने के बाद, GMR ने एयरपोर्ट के विकास का काम शुरू कर दिया है। हालांकि अभी एयरपोर्ट पर कुली सुविधा उपलब्ध नहीं है। फ्लाइट से सफर करने वाले यात्रियों को नागपुर एयरपोर्ट पर खुद ही अपने लगेज के साथ ट्रॉली खींचनी पड़ रही है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है एयरपोर्ट पहुंचने पर वे खुद कुली बन गए हैं।

यह भी कहा कि जीएमआर के हाथों में एयरपोर्ट की कमान आने के बाद उम्मीद थी के तत्परता से ऐसी जरूरी सुविधाओं पर भी जोर दिया जाएगा लेकिन वास्तव में फिलहाल कोई पहल नजर नहीं आ रही है। मिहान इंडिया लिमिटेड (MIL) के समय पोर्टर की सुविधा नहीं थी लेकिन जीएमआर के आने के बाद व्यवस्था की संभावनाएं अपेक्षित हैं।

नागपुर एयरपोर्ट पर 9 साल से पोर्टर सर्विस बंद

नागपुर एयरपोर्ट पर 9 साल से पोर्टर सर्विस बंद होने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सीनियर सिटिजन, महिलाएं, दिव्यांग और सुबह-सुबह इंटरनेशनल फ्लाइट में छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को परेशानी हो रही है। हालांकि इस बीच नागपुर एयरपोर्ट पर सुविधा के लिए तीन कंपनियों से बातचीत चल रही है, इसलिए जल्द ही पोर्टर सर्विस मिलेगी। GMR नागपुर एयरपोर्ट्स ने साफ किया है कि यात्रियों द्वारा एयरलाइंस के जरिए मांग करने पर पैसे देकर इस्तेमाल करने की सुविधा शुरू करने की योजना है।

नागपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों का छलका दर्द

हाल ही में देर रात कतर एयरवेज की फ्लाइट में सवार होने के लिए नागपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों को पोर्टर की सुविधा नहीं मिलने से उनका दर्द छलका। इस दौरान यात्रियों को खुद ही भारी बैग उठाने और ट्रॉली धकेलने की मशक्कत करनी पड़ी।

यात्रियों ने बताया कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पोर्टर अथवा सहायक आसानी से मिल जाते हैं लेकिन नागपुर में यह सुविधा नहीं होने से खुद ही कुली बनना पड़ता है। इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं देखने को मिल रहा है कि जीएमआर द्वारा इन सुविधाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया है, इसलिए एयरपोर्ट हस्तांतरण के बाद भी अब तक पोर्टर की सुविधा नहीं की गई है।

यात्रियों ने जताई नाराजगी

नागपुर एयरपोर्ट से यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने कहा कि जब कोई यात्री हवाई सफर चुनता है तो उसकी उम्मीद सिर्फ जल्द पहुंचने की नहीं बल्कि सुगम और आरामदायक सफर की भी होती है। लेकिन नागपुर के डॉ। बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते या चढ़ते ही यह भ्रम टूट जाता है। यहां 'पोर्टर' की कोई सुविधा ही उपलब्ध नहीं है। यात्रियों ने कहा कि उन्हें अपनी भारी-भरकम सामान खुद ही ट्रॉलियों पर लादकर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

जल्द पोर्टर की सुविधा होगी

नागपुर एयरपोर्ट के संचालन का दायित्व संभाल रहे जीएमआर की तरफ से बताया गया कि फिलहाल एयरपोर्ट पर पोर्टर की सुविधा नहीं है लेकिन इस मामले को गंभीरतापूर्वक संज्ञान में लिया गया है। जीएमआर द्वारा इसे लेकर जल्द ही बाहरी एजेंसी का चयन कर पोर्टर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संदर्भ में आवश्यक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com