‘लाडकी बहनों’ को रक्षाबंधन का तोहफा, आज अजनी-पुणे-अजनी वंदे भारत को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

Ajni-Pune-Ajni Vande Bharat: रक्षाबंधन के अगले ही दिन देश में सबसे अधिक डिमांड वाले नागपुर-पुणे रेल रूट पर दौड़ने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन का आज पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे।
Ajni-Pune-Ajni Vande Bharat: रक्षाबंधन के अगले ही दिन देश में सबसे अधिक डिमांड वाले नागपुर-पुणे रेल रूट पर दौड़ने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन का आज पीएम मोदी उद्घाटन करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Ajni-Pune-Ajni Vande Bharat: पीएम नरेंद्र मोदी आज नागपुर-पुणे रेल रूट पर दौड़ने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। नागपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म 8 से सुबह 10 बजे यह ट्रेन रवाना की जाएगी। रक्षाबंधन के अगले ही दिन देश में सबसे अधिक डिमांड वाले नागपुर-पुणे रेल रूट पर दौड़ने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन को ‘लाडकी बहनों’ को तोहफा माना जा रहा है। यह नई सेवा न केवल दोनों शहरों के बीच तेज, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा प्रदान करेगी बल्कि रक्षाबंधन के मौके पर बहनों के लिए एक खास तोहफा साबित होगी।

अब नागपुर से पुणे का सफर महज 12 घंटे में पूरा होगा जिससे बहनें आसानी से राखी बांधकर उसी दिन लौट सकेंगी। वहीं उनके भाई भी केवल 12 घंटों में उन तक पहुंच सकेंगे। स्टेशन पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत अन्य की उपस्थिति रहेगी।

तेज और आरामदायक सफर

ट्रेन 26101 पुणे-अजनी वंदे भारत एक्सप्रेस रोजाना (मंगलवार को छोड़कर) सुबह 6.25 बजे पुणे से रवाना होकर शाम 6.25 बजे अजनी पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 26102 अजनी-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस रोजाना (सोमवार को छोड़कर) सुबह 6.25 बजे अजनी से रवाना होकर शाम 6.25 बजे पुणे पहुंचेगी। 16 कोच वाली इस सेमी-हाईस्पीड ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाएं, आरामदायक सीटें और उच्च सुरक्षा मानक उपलब्ध होंगे।

रक्षाबंधन ही नहीं, दिवाली भी होगी खास

रक्षाबंधन के अवसर पर हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं नागपुर से पुणे और पुणे से नागपुर अपने भाइयों और परिवार से मिलने जाती हैं।पहले लंबा यात्रा समय और टिकट की कमी के कारण कई लोग समय पर नहीं पहुंच पाते थे। अब वंदे भारत ट्रेन से सुबह रवाना होकर शाम तक पहुंचना और उसी दिन वापस लौटना संभव होगा।

यह सुविधा खासकर नौकरीपेशा और विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी। रेलवे ने इस सेवा को प्रीमियम श्रेणी में शामिल किया है। इस सेवा से सड़क मार्ग की भीड़भाड़ कम होने की संभावना है क्योंकि कई यात्री बस या निजी वाहन की बजाय वंदे भारत को प्राथमिकता देंगे।

दिवाली और त्योहारों के समय नागपुर-पुणे मार्ग पर बस और फ्लाइट के किराये आसमान छू जाते हैं। हाल ये रहते हैं कि बसों की टिकटें 1,500 रुपये से कहीं अधिक बढ़कर 5,200 रुपये तक पहुंच जाती हैं। वंदे भारत के शुरू होने से यात्रियों के पास एक तेज, सुरक्षित और समय पर पहुंचने वाला विकल्प उपलब्ध होगा जिससे निजी बस संचालकों के मनमाने किराये वसूलने पर भी अंकुश लगेगा।

GM ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • बहुप्रतीक्षित अजनी-पुणे-अजनी वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के लिए मध्य रेल नागपुर मंडल द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
  • मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा और मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग द्वारा प्लेटफॉर्म 8 पर तैयारियों की जायजा लिया गया।
  • उधर, रेलवे सुरक्षा बल और लोहमार्ग पुलिस द्वारा प्लेटफॉर्म 8 समेत पूरे स्टेशन परिसर की सघन निगरानी की जा रही है।
  • स्टेशन रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत जारी निर्माण कार्य के चलते पहले ही इस भाग में सर्कुलेटिंग एरिया काफी कम हो चुका है।
  • ऐसे में वीआईपी के वाहनों की पार्किंग समेत उनकी सुरक्षा-व्यवस्था पर खासा ध्यान दिया जा रहा है।
  • आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि स्टेशन पर तगड़ी सुरक्षा-व्यवस्था की गई लेकिन इससे यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होगी।
  • पूरे परिसर में यात्रियों को उचित सहायता के लिए आरपीएफ कर्मी और अन्य सहायक उपलब्ध रहेंगे।
  • खास बात यह है कि ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम का समय इस प्रकार तय किया गया है कि इस दौरान प्लेटफॉर्म 8 पर किसी यात्री ट्रेन की आवाजाही न हो।
Navbharat Live
navbharatlive.com